मां-बेटा पहली बार पहुंचे विधानसभा

By: Nov 5th, 2019 12:02 am

पंचकूला – हरियाणा विधानसभा के इतिहास में यह पहला मौका है, जब मां और बेटा एक साथ विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे। प्रदेश के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और उनकी मां नैना चौटाला ने सोमवार को सदन में विधायक पद की शपथ लेने के साथ ही यह कीर्तिमान बनाया है। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के संरक्षक डा. अजय सिंह चौटाला की धर्मपत्नी नैना सिंह चौटाला दादरी जिले की बाढड़़ा विधानसभा सीट से विधायक चुनी गई है, वहीं उनका बेटा दुष्यंत चौटाला उचाना कलां हलके से जेजेपी पार्टी की टिकट पर जीते हैं। सोमवार को हरियाणा विधानसभा में मां नैना सिंह चौटाला और उनके बेटे दुष्यंत चौटाला ने एक साथ विधायक पद की शपथ ली। दोनों ही विधायक सत्ता पक्ष में बैठेंगे चूंकि  जननायक जनता पार्टी ने भाजपा को अपना समर्थन दिया हुआ है। यह भी महज एक संयोग है कि देश में 16वीं लोकसभा के इतिहास में सबसे कम उम्र के सांसद चुन कर जाने वाले दुष्यंत चौटाला इस बार हरियाणा विधानसभा में पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के विधायक बने हैं। हालांकि इससे पहले प्रदेश की सियायत में मां-बेटे पहले भी विधायक बने हैं, परंतु एक ही विधानसभा में एक साथ नहीं बने। पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल की धर्मपत्नी जसमां देवी और उनका बेटा चंद्रमोहन व कुलदीप बिश्नोई भी विधायक चुने गए, पर उनका कार्यकाल अलग-अलग रहा है।

पिता अजय चौटाला भी रहे मौजूद

डबवाली से हरियाणा विधानसभा के सदस्य रहे जेजेपी के संरक्षक डा. अजय सिंह चौटाला आज विधानसभा शपथ ग्रहण सत्र के ऐतिहासिक पलों के गवाह बने। डा. अजय चौटाला वीआईपी गैलरी में मौजूद थे और उन्होंने शपथ ग्रहण सत्र के हर पल को बड़े बारीकी से देखा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App