मौसम साफ…पर दुश्वारियां अभी कम नहीं

By: Nov 10th, 2019 12:06 am

 14 नवंबर तक ठंड से राहत प्रदेश भर में खिली रहेगी धूप

शिमला –हिमाचल में कड़ाके की ठंड की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग की मानें तो समूचे राज्य में 14 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान धूप खिलने से तापमान में उछाल आने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत मैदानी इलाकों में 15 नवंबर को भी मौसम साफ रहेगा, जबकि विभाग ने शिमला, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, सोलन, चंबा व डलहौजी में 15 नवंबर को एक-दो जगह गर्जन के साथ बारिश होगी, वहीं राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में शनिवार को मौसम साफ रहा। राज्य भर में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक से छह डिग्र्री तक की बढ़ोतरी हुई है। भुंतर व चंबा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा छह डिग्री का उछाल आया है। धर्मशाला व डलहौजी को छोड़कर शेष हिमाचल के तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक उछाल आया है। तापमान में उछाल आने के बाद जनता ने कड़ाके की ठंड से काफी हद तक की राहत ली है, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अभी भी कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मन मोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

 करोड़ों का सेब फंसा

केलांग –लाहुल के बागबानों पर इस बार भी बर्फबारी भारी पड़ गई है। लाहुल के सेब की जहां देश की मंडियों में डिमांड बढ़ गई है, वहीं बर्फबारी के कारण लाहुल का सेब घाटी में ही फंस गया है। लाहुल के विभिन्न स्थलों पर सेब के करीब 60 ट्रक बर्फबारी के बीच फंस गए हैं, वहीं खराब मौसम ने लाहुल के बागबानों की रातों की नींद उड़ा डाली है। करोड़ों रुपए की फसल जहां बर्फबारी की भेंट चढ़ने जा रही है, वहीं लाहुल के बागबानों ने प्रदेश सरकार से मदद को गुहार लगाई है। रोहतांग दर्रे में तीन फुट तक बर्फबारी होने से जहां दर्रा बंद हो गया है। रोहतांग के बंद होने से लाहुल के बागबानों के लगभग 24 हजार सेब के कार्टन लाहुल में फंस गए हैं। बर्फबारी होने से लाहुल के उदयपुर, जहालमा, गोहरमा, शांशा, कीर्तिंग, लौट, ठोलंग, तांदी, गोशाल व बिलिंग में सेब की गाडि़यां अधिक संख्या में फंसी हुई हैं। गत वर्ष भी बर्फबारी ने लाहुल के बागबानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया था और इस साल भी सेब के करीब 60 ट्रक बर्फबारी के बीच लाहुल के विभन्न क्षेत्रों में फंसे हुए हैं। बागबान संगीता, जगदीश ठाकुर, सोनम, रवि व वीरेंद्र का कहना है कि लाहुल घाटी में सेब के करीब 24 हजार कार्टन बर्फबारी के कारण घाटी में फंस गए हैं। उन्होंने कहा कि लाहुल के बागबानों ने बीआरओ के अधिकारियों से आग्रह किया है कि सेब के ट्रकों को रोहतांग टनल से जाने की अनुमति प्रदान की जाए, ताकि लाहुल के बागबानों को लाखों रुपए के होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। लाहुल-स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर का कहना है कि  सरकार व प्रशासन बीआरओ के साथ तालमेल बिठा कर लाहुल घाटी से फंसे सेब के वाहनों को जल्द से जल्द रोहतांग सुरंग के माध्यम से घाटी से बाहर निकाले, ताकि बागबानों की सेब की फसल तय समय में मंडियों तक पहुंच सके। ऐसे में अब लाहुल के बागबानों को बीआरओ से ही उम्मीद है कि वह ही उन्हें करोड़ों रुपए के नुकसान से बचा सकता है।

जाएं, तो जाएं कहां

बागबानों का कहना है कि अगर टनल से सेब के ट्रकों को गुजारने की अनुमति बीआरओ दे देता है, तो उनकी फसल समय पर अभी भी देश की मंडियों तक पहुंच सकती है। बागबानों का कहना है बर्फबारी के कारण उनका सब कुछ दाव पर लग गया है। कुछ बागबानों ने तो यह सोच कर बैंकों से कर्जा ले रखा था कि सेब की फसल को बेच वह बैंकों का कर्जा समय पर उतार देंगे। ऐसे में फसल के ही लाहुल घाटी में फंस जाने से इनकी रातों की नींद तक उड़ गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App