यूएई में हिमाचलियों ने मनाई दिवाली

By: Nov 18th, 2019 12:04 am

प्रदेश के पचास परिवार दुबई में उत्सव में हुए शरीक, देश और दुनिया को दिया भाईचारे का संदेश

संयुक्त अरब अमिरात (यूएई) में भी एक हिमाचली परिवार अब बसता है। कल तक खाड़ी देशों में किसी हिमाचली आदमी का मिलना सपने जैसा लगता था। आज हिमाचल प्रदेश के लोगों ने यहां पर अपनी काबिलीयत का लोहा मनवाकर देश और प्रदेश का नाम भी ऊंचा किया है। सात समंदर पार रहने के बावजूद भी यह लोग हर साल अपने उत्सव एक साथ मनाकर एकता, हर्षोल्लास और भाईचारे का संदेश देते हैं। कहते जब मन में खुशी का माहौल हो, तो कभी भी उत्सव मनाया जा सकता है। इसी कड़ी के चलते प्रदेश के करीब पचास परिवारों ने शुक्रवार रात दुबई के एक होटल में दीपावली उत्सव धूमधाम से मनाया। काम की व्यस्तता की वजह से हर किसी का दिवाली के दिन ही एकत्रित हो पाना आसान काम नहीं होता। इसी वजह से हर साल यह लोग दीपावली, लोहड़ी और होली के उत्सव मनाते हुए भारतीय संस्कृति की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी करवा रहे हैं। सभी एकत्रित होकर इस पर्व को मना सकें, इसकी तैयारियां दीपावली से पहले से ही चल रही थीं। किसी आयोजन की तैयारी  सोशल मीडिया के जरिए ही आपसी वार्त्तालाप से तय की जाती है। शुक्रवार की रात आखिर वह घड़ी भी आ गई, जब सभी को आपस में मिलने का बेसब्री से इंतजार था। दंपति अपने परिवारों सहित हाथों में एक-दूसरे के लिए उपहार लेकर होटल की दहलीज में दाखिल हुए। उत्सव के शुभारंभ में सभी ने अपना परिचय देकर खुशियां बांटी। इस मौके पर चायपान और रात्रि भोज की भी उचित व्यवस्था की गई थी। इस समारोह के अंत में कुछ लोगों को उपहारों से नवाजा गया। -सुखदेव सिंह, नूरपुर


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App