रस्साकशी में शाकली महिला मंडल प्रथम

रोहडू – ग्राम पंचायत कुई के सौजन्य से छपोटी में प्रधान व पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त एसपी सुरेंदर वर्मा की अध्यक्षता में नशा निवारण दिवस मनाया गया। इस मौके पर विधायक मोहन लाल ब्राक्टा बतौर मुख्यतिथि शिरकत हुए। उनके साथ इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रोहडू के अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगत सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे। इस मौके पर छपोटी में नशा निवारण एवं स्वच्छता अभियान पर महिला मंडल और युवक मंडलों के मध्य प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें रस्साकस्सी, भाषण और डांस की प्रतियोगिता में भारी संख्या में महिला मंडलों और युवक मंडलों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ग्राम पंचायत कुई के प्रधान सुरेंदर वर्मा ने लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि लोगों का एक जुट हो कर किसी बुराई के खिलाफ खड़ा होना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यतिथि मोहन लाल ब्राक्टा ने प्रतियोगिता में विजयी रहे महिला मंडलों और युवक मंडलों को पुरस्कृत किया। इसमें रस्साकशी में शाकली महिला मंडल पहले स्थान पर रहा। वहीं, दूसरे स्थान पर महिला मंडल कुई रहा। डांस प्रतियोगिता में पहला स्थान कनोग और दूसरे स्थान पर महिला मंडल शाकली रहा। वहीं भाषण प्रतियोगिता में पहले स्थान गीता रांटा और दूसरे स्थान पर श्रुति घेतटा रही। पुरूष रस्साकशी में पहला स्थान युवक मंडल छपोटी और दूसरे स्थान पर युवक मंडल कुई रहा। वहीं ग्राम पंचायत में सुनील घेदटा को बेस्ट सोशल वर्कर के लिए पुरस्कृत किया गया।