राफेल की लड़ाई जीतने पर सुजानपुर भाजपा ने फूंका कांग्रेस का पुतला

By: Nov 16th, 2019 4:39 pm

सुप्रीम कोर्ट से राफेल मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार को क्लीन चिट मिलने पर सुजानपुर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला भी फूंका। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार से राहुल गांधी का पुतला उठाकर बस स्टैंड तक पहुंचाया और राहुल गांधी मुर्दाबाद, कांग्रेस मुर्दाबाद के नारों के बीच शंख बजाकर शव यात्रा निकाली। भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि कांग्रेस ने राफेल समझौते पर झूठी बयानबाजी कर जनता और देश को गुमराह करने के साथ-साथ बरगलाने का आरोप लगाया है। अब सुप्रीम कोर्ट से मोदी सरकार को राफेल सौदे में क्लीन चिट मिलने पर कांग्रेस अपनी ही नजऱों में शर्मसार हो गई है। भाजपा ने विधायक राजेंद्र राणा पर निशाना साधते हुए उन्हें सुजानपुर और हिमाचल की जनता से लिखित रूप से माफी मांगनी की मांग उठाई है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि कांग्रेस ने राफेल सौदे को घोटाला करार दिया था और अब विधायक को समझना होगा कि वह जनता को झूठी बयानबाजी से नहीं बरगला सकते। इस दौरान प्रदर्शन में मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर, पूर्व मंडल अध्यक्ष कैप्टन रंजीत सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र ठाकुर, जिला परिषद चेयरमैन राकेश ठाकुर, सुखदेव ठाकुर, महामंत्री अनिल शामा, पवन शर्मा और मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर भी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App