राफेल डील मामला.. राहुल गांधी पर बरसी भाजपा

By: Nov 18th, 2019 12:22 am

नाहन – जिला मुख्यालय नाहन में रविवार को भाजपा सिरमौर ने राहुल गांधी के देश की सुरक्षा से जुड़े राफेल डील मामले में झूठे प्रचार तथा प्रधानमंत्री की छवि को इस मामले में भ्रामक बयानबाजी से खराब करने को लेकर व्यापक धरना प्रदर्शन किया गया। वहीं नाहन के दिल्ली गेट पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का पुतला फूंका गया। भाजपा सिरमौर के अध्यक्ष विनय गुप्ता ने बताया कि इससे पूर्व धरना प्रदर्शन एवं रोष रैली को नाहन के हिंदू आश्रम से शुरू किया गया, जिसमें भाजपा शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप, विधायक पच्छाद रीना कश्यप, जिला कृषि मंडी समिति के निदेशक रामेश्वर शर्मा समेत दर्जनों भाजपा नेताओं ने भाग लेते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस के विरुद्ध नारेबाजी की। भाजपा सिरमौर की रोष रैली हिंदू आश्रम से बड़ा चौक गुन्नूघाट होते हुए दिल्ली गेट के सामने पहुंची। यहां पर भाजपा के पदाधिकारियों ने कांग्रेस अध्यक्ष के पुतले को फूंका। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि कांग्रेस की हालत देश भर में खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे के समान हो गई है। वहीं अपने जनाधार को पूरी तरह से खिसकता देखकर किसी भी मुद्दे पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री की छवि को धूमिल करने के ओच्छे प्रयास कर रही है। पदाधिकारियों ने कहा कि देश के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा भी इस मामले में पुनर्विचार संबंधी याचिकाओं को खारिज किया जा चुका है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष भ्रामक बयानबाजी से जनता के बीच प्रधानमंत्री की छवि को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App