राफेल मुद्दे पर भाजपा ने घेरी कांग्रेस

शिमला – राफेल मुद्दे पर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा जिला शिमला द्वारा सीटीओ पर जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष संजय सूद की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में सुप्रीम कोर्ट के राफेल पर फैसले के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला है। संजय सूद ने कहा कि कांग्रेस और खुद राहुल गांधी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। राफेल विमान सौदे पर राहुल गांधी के बयान पर सुप्रीम कोर्ट ने उनकी माफी को मंजूर करते हुए उनके खिलाफ  दायर मानहानि के केस को खारिज कर दिया। संजय सूद ने सबसे पहले ही अपने बात की शुरुआत इस बात से की कि कांग्रेस पार्टी औपचारिक रूप से देश से माफी मांगे और राहुल गांधी को भी देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने राफेल मामले पर पूरी प्रक्रिया को जांचा जिसे सही बताया, दाम की प्रक्रिया को भी जांचा और सही बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने देश को गुमराह किया। ऐसे में उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।