रेडक्रॉस मेले में हाफ मैराथन के विजेताओं को सम्मान

कंडाघाट में प्रदेश रेडक्रॉस समिति की उपाध्यक्ष डा. साधना ठाकुर ने किया मेले का शुभारंभ

कंडाघाट –प्रदेश रेडक्रॉस समिति की उपाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की धर्मपत्नी डा. साधना ठाकुर की उपस्थिति में सोमवार को सोलन जिला के कंडाघाट में प्रथम उपमंडल स्तरीय रेडक्रॉस मेले का शुभारंभ हुआ। इस दौरान प्रदेश रेडक्रॉस समिति की उपाध्यक्ष डा. साधना ठाकुर ने कहा कि रेडक्रॉस समिति की सहायता के लिए मेलों का आयोजन ग्राम स्तर पर भी किया जाना चाहिए ताकि ग्रामीण परिवेश में अधिक से अधिक लोग रेडक्रॉस समिति के बारे में जागरूक बन सकें। डा. साधना ठाकुर सोमवार को सोलन जिला के कंडाघाट में आयोजित प्रथम उपमंडल स्तरीय रेडक्रॉस मेले के शुभारंभ के अवसर पर सभी को संबोधित कर रही थी। डा. साधना ठाकुर ने कहा कि आज भी हिमाचल की लगभग 90 प्रतिशत जनसंख्या गांव में निवास करती है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस गतिविधियों का विस्तार गांव-गांव तक किया जाना आवश्यक है। इसमें प्रतिवर्ष विभिन्न स्तरों पर आयोजित किए जाने वाले रेडक्रॉस मेले विशेष रूप से सहायक बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि बूंद-बूंद से घड़ा भरता है और प्रदेश के जन-जन के रेडक्रॉस समिति से जुड़ने से समिति अपने कार्यों के माध्यम से सभी को लाभान्वित कर पाएगी। उन्होंने इस अवसर पर दिव्यांग जनों को रेडक्रॉस समिति की ओर से व्हील चेयर भी प्रदान की। डा. साधना ठाकुर ने इस अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य द्वारा प्रदर्शित उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई। उन्होंने हॉफ मैराथन को भी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस अवसर पर रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी किया।  डा. साधना ठाकुर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को अपनी ओर से 21 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने शिक्षा तथा खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने हॉफ मैराथन के लड़कों तथा लड़कियों के वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने इस अवसर पर रेडक्रॉस समिति कंडाघाट के पैट्रन और सदस्यों को भी सम्मानित किया। उन्होंने क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया। उपमंडलीय रेडक्रॉस समिति कंडाघाट के अध्यक्ष एवं उपमंडलाधिकारी कंडाघाट डा. संजीव धीमान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और कंडाघाट में रेडक्रॉस समिति द्वारा कार्यान्वित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी।  इस अवसर पर समाजसेवी डा. राजेश कश्यप, जिला परिषद सदस्य शीला, रितु , लोकेश्वर शर्मा, मदन , देवेंद्र वर्मा, विभिन्न पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, अन्य गणमान्य व्यक्ति, व्यापार मंडल कंडाघाट के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।