रैली निकाल दिया पर्यावरण बचाने का संदेश

By: Nov 17th, 2019 12:20 am

सुंदरनगर  – सुंदरनगर को प्लास्टिक फ्री व नशे के दुष्प्रभावों को लेकर वुमन क्लब सुंदरनगर, विभिन्न कालेजों के विद्यार्थीयों व स्वयं सहायता समूह द्वारा एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एसडीएम सुंदरनगर राहुल चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस रैली का आयोजन जवाहर पार्क से पुराना बस स्टैंड के बाद भोजपुर बाजार होते हुए किया गया। रैली में आए हुए कार्यकर्ताओं द्वारा प्लास्टिक से रहो दूर सहित अन्य नारों के साथ लोगों को जागरूक किया। रैली का उद्देश्य सुंदरनगर को प्लास्टिक फ्री करने को लेकर लोगों को जागरूक करना और नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जानकारी देना था। एसडीएम सुंदरनगर राहुल चौहान ने इस रैली को सफल बनाने के लिए आर्ट ऑफ लिविंग का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक फ्री सुंदरनगर के साथ साथ नशे के दुशप्रभावों को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की तरह सुंदरनगर में भी नशे के खिलाफ व दुष्प्रभाव को लेकर अभियान 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए उपमंडल स्तरीय कमेटी गठित की गई है। राहुल चौहान ने कहा कि अभियान के दौरान स्कूल व कालेजों में जाकर विद्यार्थियों को नशे से बच कर रहने का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ वार करने के लिए स्थानीय लोगों का सहयोग सबसे जरूरी है। उन्होंने लोगों से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App