शाह का पुतला फूंका, मोदी को खरी-खरी

By: Nov 18th, 2019 12:30 am

युवा कांग्रेस का आरोप; राफेल मामले पर जेसीसी बनाने से कतरा रही केंद्र सरकार, गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा बहाली की मांग

शिमला –प्रदेश युवा कांग्रेस ने रविवार को अध्यक्ष मनीष ठाकुर की अगवाई में शिमला जिलाधीश कार्यालय के बाहर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ  नारेबाजी की व धरना-प्रदर्शन किया। यहां पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की हल्की धक्का-मुक्की होने की भी सूचना है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला भी जलाया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि ये लोग लगातार देश की बर्बादी में लगे हैं। मनीष ठाकुर ने कहा कि राफेल मामले पर संयुक्त संसदीय समिति जेपीसी का गठन करने में केंद्र सरकार क्यों कतरा रही है। राफेल मामले में देश के सामने पारदर्शिता से सच्चाई सामने आनी चाहिए। मनीष ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वेष की भावना से राजनीति कर रही है, जिसके चलते लगातार कांग्रेस के नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। इसे बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा को ही हटा दिया गया है, जो कि भाजपा के नेताओं की निम्न मानसिकता को दर्शाता है। युवा कांग्रेस ने मांग की कि गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा तुरंत प्रभाव से बहाल की जाए। गांधी परिवार का देश के हित के लिए बहुत बड़ा बलिदान रहा है व देश हित के लिए इस परिवार ने अपने दो लोगों की शहादत दी है। उन्हांेने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा एसपीजी सुरक्षा हटाने का मामला पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का यह निर्णय पूरी तरह से राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से प्रेरित है। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव विनोद जिन्टा, निशांत ठाकुर, नरेश दास्टा, हेमंत शर्मा, राकेश नेगी, दिनेश चोपड़ा, प्रेम डोगरा, रिपना कलसाइक, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर, प्रदेश सचिव आलोद चौहान, चमन शर्मा सोनू, वेद प्रकाश ठाकुर, विरेंद्र कुमार, विरेंद्र बांश्टू, मोनिता चौहान, ऊषा मेहता, रिंपल ब्रागटा, सोशल मीडिया शिमला के संयोजक राजीव वर्मा, शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष आकाश सैणी, कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र युवा कांग्रेस के अध्यक्ष ऋषि राठौर, मशोबरा ब्लॉक युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रम ठाकुर, एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव प्रतीक शर्मा, शिमला शहरी के महासचिव राहुल चौहान नेगी, सचिव आदित्य काटोरिया, आरकेएमवी की अध्यक्ष रक्षा जोक्टा, केतन ठाकुर, तुषार स्तान, अमन चौहान, विपुल शर्मा, रजत भारद्वाज व अन्य युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App