सदा के लिए सो गया लोगों का मददगार

By: Nov 10th, 2019 12:20 am

पूर्व सैनिकों-लोगों की समस्याओं को उठाने के लिए किया जाएगा याद

घुमारवीं – शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में लोगों व पूर्व सैनिकों ने अपना मददगार खो दिया। हादसे में पूर्व सैनिक कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष सूबेदार प्रकाश चंद की मौत लोगों को झकझोर गई। पूर्व सैनिकों व लोगों की मदद को सदैव तैयार रहने वाला सूबेदार प्रकाश चंद शनिवार की अल सुबह सदा मौत की नींद में सो गया। सूबेदार प्रकाश चंद को पूर्व सैनिकों व लोगों की समस्यों को उठाने के लिए सदैव याद रखा जाएगा। जानकारी के मुताबिक पूर्व सैनिक कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष सूबेदार प्रकाश चंद की शनिवार तड़के घुमारवीं की सीर खड्ड में कार गिरने से मौत हो गई। सूबेदार प्रकाश चंद पूर्व सैनिकों व लोगों की मदद को सदैव तैयार रहते थे। पूर्व सैनिकों की वन रैंक -वन पेंशन का मसला हो या फिर कोई और मुद्दा। सूबेदार प्रकाश चंद आगे बढ़कर इन मसलों को उठाते रहते थे। वन रैंक-वन पेंशन को लेकर सुबेदार प्रकाश चंद दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठ गए थे। पूर्व सैनिकों व लोगों की समस्यों को कई बार अपनी बुलंद आवाज से उठाते रहते थे। जब भी किसी को कोई समस्या खड़ी हो जाती, तो वहां पर पहुंचकर उनकी मदद को खड़ा रहते थे। लिहाजा, सेना से सेवानिवृत सूबेदार प्रकाश चंद की मौत लोगों को कभी न भुला देने वाला गम दे गई। लोगों व पूर्व सैनिकों ने एक सच्चा मददगार शनिवार तड़के सड़क हादसे में खो दिया। करीब एक सप्ताह पहले सूबेदार प्रकाश चंद ने लोगों की ज्वलंत समस्या बन चुकी निहारी-बरठीं सड़क को दुरुस्त करने की मांग प्रशासन से उठाई थी। इस बाबत बाकायदा मीडिया में भी प्रेस नोट जारी किया था, जिसके सुखद परिणाम भी अब लोगों के सामने आना शुरू हो गए हैं, लेकिन लोगों को जागरुक करने वाले सूबेदार प्रकाश चंद आज सदा के लिए मौत की नींद में सो गए।    


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App