सफेद हुए पहाड़, मैदान भी ठिठुरे

By: Nov 8th, 2019 12:30 am

प्रदेश भर में बिगड़े मौसम के मिजाज

शिमला – हिमाचल में पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली है। राज्य के किन्नौर, लाहौल स्पीति, सिरमौर के चूड़धार, नारकंडा के हाटूपीक व कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गुरुवार को ताजा हिमपात हुआ है। राज्य के मध्यम व मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। बारिश व बर्फबारी से समूचे हिमाचल में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। केलांग का पारा लुढ़क माइनस में पहुंच गया है। कल्पा व कुफरी का तापमान गिरकर तीन डिग्री से नीचे आ गया है। इसके अलावा राज्य के अन्य के तापमान में भी गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में जनता कोे कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को राज्य के रोहतांग में फिर से बर्फबारी हुई है। बर्फबारी होने से मनाली-लेह नेशनल हाई-वे बंद हो गया है। वहीं, किन्नौर, लाहुल-स्पीति, केलांग, उदयपुर, कल्पा, जलोड़ी जोत, सिरमौर के चूड़धार, गोडला, कोठी व जिला शिमला के हाटूपीक में बर्फबारी हुई है। बीते 24 घटों के दौरान भी राज्य के गोडला, कोठी व केलांग में भी हिमपात हुआ है, जबकि राज्य के अन्य क्षेत्रों में बारिश हुई है। बारिश व बर्फबारी होने से अधिकतम तामपान मे एक से 13 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। कल्पा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 13 डिग्री की गिरावट आई है। भुंतर में 12, सुंदरनगर में 10, केलांग में नौ, हमीरपुर, बिलासपुर में आठ, सोलन में छह डिग्री तक पारा लुढ़का है। केलांग का अधिकतम तामपान लुढ़क कर 1.6 डिग्री और कल्पा का पारा 3.0 डिग्री तक पहुंच गया है। केलांग का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर -0.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कल्पा व शिमला के कुफरी का पारा भी तीन डिग्री से नीचे आ गया है। वहीं, मनाली, शिमला, डलहौजी सोलन के न्यूनतम तामपान में भी एकाएक भारी गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर शुक्रवार को भी मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश व बर्फबारी होगी। इससे राज्य में ठंड और बढ़ सकती है।

कल से मौसम साफ

मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के शिमला, कुल्लू, सिरमौर, मंडी, सोलन सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार को भी मौसम खराब बना रहेगा। वहीं, प्रदेश भर में नौ से 13 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान तापमान में उछाल आने की संभावना जताई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App