सात दिन में तीसरा कत्ल फिर शिकार बनी महिला

By: Nov 23rd, 2019 12:20 am

जवाली में सनसनी; अब कुठेहड़ में पेश आई वारदात, ससुरालियों पर आरोप, लगातार महिलाओं की हत्या से कानून व्यवस्था कठघरे में

जवाली पुलिस थाना जवाली में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गत एक सप्ताह में यह तीसरा केस है।  पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत हरनोटा में स्नेहलता का मर्डर हुआ, उसके उपरांत चलवाड़ा में राजिंद्र कौर की हत्या का आरोप मायके पक्ष द्वारा ससुराल पक्ष पर लगाए गए तथा अब कुठेहड़ में उषा देवी की हत्या का आरोप मायके पक्ष द्वारा लगाया जा रहा है। मृतका उषा देवी की माता गुड्डी देवी सहित अन्य ने आरोप लगाया है कि उषा देवी का पति शराब का आदी है, जो कि आए दिन शराब के लिए अपनी पत्नी से मारपीट करता था। उषा देवी कुठेहड़ में सिलाई सेंटर चलाती थी तथा इसी आमदन से परिवार का खर्च कर रही थी।  मृतका अपने पीछे छह साल की लड़की व सात साल का लड़का छोड़ गई है। इस हत्या का कारण भी नशा ही बताया जा रहा है। ज्यादातर हत्याओं में नशा ही मुख्य कारण है। बुद्धिजीवियों ने कहा कि जवाली में सरेआम शराब माफिया, चरस माफिया व चिट्टा माफिया अपने कार्य को अंजाम दे रहा है।  माफिया पर पुलिस का कोई अंकुश नहीं है। इससे पहले हरनोटा मर्डर केस में भी स्नेहलता का पति शराब का ही आदी था जो कि शराब की लत को पूरा करने के लिए अपनी पत्नी से मारपीट करता था। बुद्धिजीवियों ने मांग की है कि शराब, चरस व चिट्टा माफिया के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लग सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App