हजारों देवलुओं संग बनोगी के दौरे पर निकले देवता बड़ा छमाहू

By: Nov 18th, 2019 12:20 am

सैंज –  कोठी वूंगा के आराध्य देवता बड़ा छमाहू रविवार को हजारों देवलुओं संग बनोगी के लिए रवाना हो  गए हैं। बताया जा रहा है कि बनोगी क्षेत्र के नंही गांव में किसी श्रद्धालु ने देवता से मन्नत मांगी थी, जिस कारण रविवार को देवता बड़ा छमाहू अपने हरियानों संग सैज घाटी की ओर रवाना हो गए हैं। देवता के कारदार मोहन सिंह ने बताया कि रविवार सुबह देवता बड़ा छमाहू अपने देवालय से कूच कर गए हैं, जबकि देवता के भक्तों ने जगह-जगह में स्वागत किया और कोटला से लेकर रोपा तक देवता के कई भक्तों ने जलपान व मिष्ठान की व्यवस्था रखी थी। उन्होंने बताया कि कोटला, धामण, लारजी, बिहाली, सपागणी, शलवाड़, सैंज, करटाह और रोपा आदि गांवों में  देवता के भक्तों ने जोरदार स्वागत कर अभिनंदन किया,  जबकि 50 किलोमीटर के पैदल रास्ते में देवता के हारियान देवता के संग ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते रहे। उल्लेखनीय है कि देवता का तीन दिन बनोगी क्षेत्र में  ठहरने का कार्यक्रम है, जबकि पुंडरीक ऋषि के हारियान ने देवता बड़ा छमाहू का बनोगी क्षेत्र में पधारने पर जोरदार स्वागत किया। देवता पुंडरीक ऋषि के पुजारी नूरम शर्मा ने बताया कि  देवता बड़ा छमाहू पहली बार क्षेत्र पधार रहे हैं। लिहाजा हारियानों ने  देव परंपरा निभा कर देवता के आगमन पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि मेहमान देवता बड़ा छमाहू इलाके की सुख-समृद्धि बनाए रखें। यही हमारी मनोकामना है। उधर, चार माह पूर्व देवता पुंडरीक ऋषि व देवता बड़ा छमाहू अपनी हारगी परंपरा को निभा चुके हैं, जबकि अब देवता बड़ा छमाहूं एक बार फिर पुंडरीक ऋषि से मिलने सैंज घाटी के दौरे पर निकल पड़े हैं। वहीं, स्थानीय देवता श्रीनाग तथा माता दुर्गा के साथ भी मिलन होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App