हमीरपुर में रिश्ते शर्मसार, सिरमौर में दो से दुराचार

सौतेले पिता ने लूटी नाबालिग की आबरू

हमीरपुर – देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल में रिश्ते एक बार फिर तार-तार हुए हैं। यहां सौतेले बाप ने नाबालिग बेटी की आबरू लूटकर मानवता को शर्मसार किया है। मानसिक रूप से अक्षम लड़की स्पेशल बच्चों के स्कूल में पढ़ती है। कुछ दिन पहले वह अपने घर आई तो वहां सौतेले बाप ने इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। बेटी ने किसी को इस बारे में कुछ नहीं बताया। जब वह वापस स्कूल गई तो उसने अपनी अध्यापिका को सारी बात बता दी। अध्यापिका ने मामला पुलिस में दर्ज करवाया है। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पीडि़त का मेडिकल करवाया है। इसके बाद आरोपी बाप को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट में पेश करने के उपरांत इसे तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है। जानकारी के अनुसार मामला उपमंडल भोरंज का है। सुनील कुमार निवासी उपमंडल भोरंज पर दुराचार के आरोप लगे हैं। पुलिस की मानें तो नाबालिग बेटी के साथ उसने दुराचार किया है। नाबालिग एक स्पेशल बच्चों के स्कूल में पढ़ती है। हालांकि पहले तो दुराचार के बाद डरी-सहमी बच्ची ने किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन अगले दिन जब वह वापस स्कूल गई, तो उसकी अध्यापिका ने उसकी मनोदशा समझ ली। इसके बाद मामला पुलिस में दर्ज करवाया गया है। पुलिस ने पीडि़त का मेडिकल करवाया है तथा उसकी माता के बयान भी कलमबद्ध किए गए हैं। डीएसपी हैडक्वार्टर हितेश लखनपाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

महिला थाने में यौन शोषण के दो मामले

नाहन – जिला मुख्यालय नाहन के महिला थाना में दो नाबालिग लड़कियों के साथ अलग-अलग जगह हुए यौन शोषण को लेकर मामला दर्ज किया गया है। पहला मामला पांवटा में पेश आया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले नाहन-पांवटा मार्ग पर नाबालिग लड़की बस का इंतजार का रही थी। इस दौरान दो लोग यह कहकर उसे अपने साथ ले गए कि वे उसे घर छोड़ देंगे, मगर वे नाबालिग को एक निजी होटल में ले गए, जहां पर दोनों ने पूरी रात उसके साथ दुराचार किया। पीडि़ता ने बड़ी मुश्किल से आरोपियों के चंगुल से छूटी तथा इसकी शिकायत पुलिस में दी। इसके बाद मामला महिला थाना नाहन को जांच हेतु प्रेषित किया गया, जिस पर महिला थाना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाहन के खजूरना निवासी एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं, दूसरा मामला नाहन महिला थाना के अंतर्गत दर्ज किया गया है, जिसमें नाहन के ग्रामीण क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की से आरोपी ने फेसबुक आईडी पर खुद को हीरो बताकर धोखा दिया। वह उसे स्टार बनाने का सपना दिखाते हुए अपने साथ दूसरे राज्य में ले गया और उसका यौन शोषण किया। आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। जब उसे पता चला कि यह व्यक्ति कोई हीरो नहीं है, तो वह किसी तरह वहां से भागी और अपने साथ हुए इस धोखे की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई। दोनों मामलों में पोक्सो व आईटी एक्ट की धारा के अंतर्गत मामले की जांच की जा रही है। उधर, पुलिस अधीक्षक सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा ने इन मामलों की पुष्टि की हैं।