हरकत में हरियाणा, पराली जलाने पर नपे 105 किसान

By: Nov 5th, 2019 12:03 am

सिरसा – हरियाणा पराली जलाने पर अब तक 105 किसानों पर एक लाख 77 हजार रुपए से अधिक  जुर्माना किया गया है और जोधकां गांव के एक किसान के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। जिला उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग ने सोमवार को बताया कि धान के अवशेष जलाने के कारण बढ़ते प्रदूषण की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए हरसैक द्वारा जिला में पराली जलाने के 205 स्थानों को चिन्हित  किया गया है। इसके अलावा 30 गांव जो पराली जलाने के लिए अति संवदेनशील हैं, उनमें ग्राम सभा के माध्यम से किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया जाएगा।  उन्होंने बताया कि जिला सिरसा में पराली  प्रबंधन के पर्याप्त कृषि यंत्र है और 198 कस्टम हायरिंग सैंटर भी स्थापित  किए गए हैं, जिससे किसान रियायती दरों पर या किराए पर भी कृषि यंत्र लेकर  पराली प्रबंधन कर सकते हैं। सिरसा में 100 स्ट्रा बेलर यूनिट अनुदान पर दिए जा रहे हैं, जिससे किसानों को पराली प्रबंधन में सहायता मिलेगी। इसके  अलावा 60 पंचायतों को जहां धान की पैदावार ज्यादा होती है, कस्टम हेयरिंग  सैंटर स्थापित किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने बताया कि  पिछले साल की अपेक्षा पराली जलाने की घटना में कमी आई है। पिछले वर्ष कुल 423 आगजनी की घटनाएं हुई थी, जिसमें 370 एकड़ क्षेत्रफल में फसल अवशेष  जलाया गया था, जबकि इस वर्ष अब तक 205 जगह आगजनी की घटना हुई है, जिसमें 112 एकड़ में फसल अवशेष जलाया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App