हिमाचली नृत्य पर बटोरी दर्शकों से तालियां

By: Nov 12th, 2019 12:28 am

चंडी आदर्श स्कूल में सालाना जलसे की धूम, छात्र-छात्राओं ने दी कार्यक्रम में रंगारंग प्रस्तुतियां

चंडी –राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का वार्षिकोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसमें दून भाजपा मंडल के अध्यक्ष बलवीर ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उनके साथ मार्केटिंग बोर्ड के सदस्य जय सिंह ठाकुर, दून भाजपा मीडिया प्रभारी वीरेंद्र चौधरी, दून व्यापार मंडलाध्यक्ष कृष्ण कौशल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एसएमसी प्रधान बलवंत ठाकुर ने मुख्यातिथि व अभिभावकों का इस कार्यक्रम में आने के लिए आभार व्यक्त करते हुए स्कूल की समस्याओं के बारे में मुख्यातिथि को अवगत करवाया। वंदे्मातरम से शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई हर प्रस्तुति में कोई न कोई संदेश छिपा हुआ था। संपूर्ण स्वच्छता, नशा निवारण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, जल संरक्षण आदि विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों के साथ बच्चों ने हरियाणा, पंजाबी और हिमाचली नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। स्कूल के प्रधानाचार्य द्वारा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट सभी के समक्ष रखी गई। कार्यक्रम में अखंड शिक्षा ज्योति मेरे स्कूल से निकले मोती के तहत स्कूल के पुराने छात्रों, जिन्होंने इस स्कूल से पढ़कर किसी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है को भी सम्मानित किया गया।  कार्यक्रम के अंत में स्कूल में शिक्षा तथा अन्य गतिविधियों में अव्वल रहे बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। इसके अतिरिक्त स्कूल में करवाई गई अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में स्कूल के वार्षिकोत्सव में बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए संदेशात्मक कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए  कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं इनको सही दिशा में ले जाना हम सभी का कर्त्तव्य है। मुख्याथिति ने बताया कि विधायक परमजीत सिंह पम्मी करोड़ो रुपए लगाकर हर क्षेत्र में विकास कार्य करवा रहे हैं और जल्द ही विधायक और मुख्यमंत्री के माध्यम से हर समस्या को पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 5100 रुपए की राशि भी प्रदान की। इस अवसर पर दून मंडल भाजपा अध्यक्ष बलवीर ठाकुर के साथ ग्राम पंचायत चंडी की प्रधान सुनीता ठाकुर, मार्केटिंग बोर्ड के सदस्य जयसिंह ठाकुर,  व्यापार मंडल के अध्यक्ष कृष्ण कौशल, दून मंडल भाजपा के मीडिया प्रभारी वीरेंद्र चौधरी, बीएमओ चंडी संगीता उप्पल, डा. आकांशा, बीडीसी सदस्य मीरा देवी,  स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान बलवंत ठाकुर, स्कूल के प्रधानाचार्य, रिटायर पीटीआई बुद्धि राम, अमर लाल, विनोद डोगरा, राम गोपाल शर्मा, उषा देवी, पुष्पा देवी, विद्या देवी, गुलाब सिंह बुद्धि राम, समस्त शिक्षक वर्ग, अभिभावक, स्कूल के बच्चों सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App