150 किलोमीटर यात्रा कर भाजपा बताएगी सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव

By: Nov 8th, 2019 12:20 am

पांवटा साहिब – भारतीय जनता पार्टी मंडल पांवटा साहिब की बैठक विश्रामगृह पांवटा साहिब में हुई। बैठक की अध्यक्षता नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने की। नए अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई इस पहली बैठक में इन्वेस्टर मीट में व्यस्तता के चलते विधायक सुखराम चौधरी हिस्सा नहीं ले पाए। बैठक में प्रमुख रूप से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर चली हुई संकल्प यात्रा पर विशेष रूप से चर्चा की गई। संकल्प यात्रा को पांवटा मंडल में सफल बनाने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया, जिसमें मंडल प्रभारी हितेंद्र कुमार को नियुक्त किया गया है, जबकि अशोक चौधरी, सुनील परमार, संदीप कुमार मानपुर देवड़ा व बलबीर धीमान को सदस्य बनाया गया है। बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने बताया कि यह संकल्प यात्रा 30 जनवरी तक चलेगी, जिसमें पांवटा भाजपा मंडल विधायक सुखराम चौधरी की अगवाई में नगर परिषद व प्रत्येक पंचायत में लगभग 150 किलोमीटर की पद्यात्रा कर स्वच्छता, जलशक्ति व सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। इस पद्यात्रा का शुभारंभ विधायक ने पांवटा साहिब स्कूल से दो अक्तूबर को किया था। उसके बाद पच्छाद उपचुनाव होने से विधायक व कार्यकर्ता वहां प्रचार में व्यस्त रहे। अरविंद गुप्ता ने कहा कि अब इस अभियान में तेजी लाई जाएगी व प्रत्येक पंचायत व नगर परिषद में इस यात्रा को कर इसका संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसी अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने विश्राम गृह की साफ-सफाई की व स्वच्छता व सिंगल प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश दिया। बैठक में पांवटा भाजपा ने अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले की बधाई व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सफल ग्लोबल इन्वेस्टर मीट के लिए बधाई दी गई। बैठक में नगर परिषद पांवटा की चेयरपर्सन कृष्णा धीमान, उपाध्यक्ष नवीन शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, दिनेश नेगी, हितेंद्र कुमार, शिवानी वर्मा, दिनेश चौधरी, रछपाल सिंह, शमशाद अली, जागीरी राम चौधरी, कश्मीरी सिंह, राकेश गुप्ता, शमशेर अली, सगीर अहमद, कलम तोमर, पवन चौधरी, सुशील तोमर, अनिल चौधरी, चरणजीत सिंह, बेनजीर, संदीप तोमर, कुलविंद्र लक्की, रोहित चौधरी, सुनील परमार सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App