21 तक धूप, फिर बारिश-बर्फबारी

By: Nov 17th, 2019 12:02 am

शिमला –हिमाचल में गुरुवार से मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य में 21 नवंबर तक मौसम साफ बना रहने की संभावना जताई है। इस दौरान राज्य के कई स्थानों पर धूप खिलने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य में 22 नवंबर से मौसम फिर करवट लेगा। विभाग ने शिमला, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, चंबा में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई है, जबकि किन्नौर, लाहुल-स्पीति, कल्पा व केलांग में बारिश के साथ बर्फबारी होने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। राज्य में 23 नवंबर को भी मौसम खराब रहेगा। प्रदेश में शनिवार को भी मौसम खराब रहा। हालांकि राज्य में दिन के समय हल्की धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद आसमान में काले बादल उमड़ने शुरू हो गए थे। इस दौरान राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी व बारिश होने की सूचना है। राजधानी शिमला में भी शाम के समय अंधेरा घिरा रहा। वहीं, जिला में ठंडी हवाएं भी चली। ऊना, चंबा व डलहौजी के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। चंबा के पारे में दो डिग्री तक की गिरावट आई है। इसके अलावा शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक का उछाल आया है। केलांग में तीन मीटर बर्फबारी हुई है।

कई जगह बौछारें

तीसा, डलहौजी, भरमौर, चंबा, बैजनाथ, नगरोटा सूरियां व गुलेर में बारिश हुई है। बारिश होने से न्यूनतम तापमान में फिर से हल्की गिरावट आई है। केलांग का पारा फिर से लुढ़क कर माइनस डिग्री में पहुंच गया है। केलांग में न्यूनतम तापमान -0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो देश भर में सबसे कम रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 21 नवंबर तक मौसम साफ बना रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App