आपसी विवाद ने दो बच्चों से छीना पिता का साया

By: Dec 5th, 2019 12:20 am

नारायणपुर में आईटीबीपी कैंप में जवान ने आपा खोकर बरसाईं अंधाधुंध गोलियां, संडयार के जवान महेंद्र सिंह की मौत

घुमारवीं – छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में स्थित आईटीबीपी कैंप में बुधवार  सुबह चली गोलियों ने प्रदेश के  लोगों को कभी न भुला देने वाली गम दे गई।  इस घटना में बिलासपुर जिला के गांव संडयार का आईटीबीपी के जवान महेंद्र सिंह की मौत हो गई और दो बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया, जिनमें एक तीसरी तथा एक दूसरी कक्षा में पढ़ाई करता है।   मृतक जवान अपने पीछे दो बेटों के साथ पत्नी व माता-पिता को छोड़ गया है। मृतक के पिता कर्म सिंह आईटीबीपी से ही इंस्पेक्टर के पद से  सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता लीला देवी गृहिणी हैं। महेंद्र सिंह आईटीबीपी में करीब 12 साल पहले भर्ती हुए थे। तब से लेकर उन्होंने कई स्थानों पर जाकर अपनी सेवाएं दीं। बुधवार सुबह हुई इस घटना ने प्रदेश को ही नहीं, बल्कि देश को झकझोर रख दिया है। जवान महेंद्र सिंह की मौत से लोग गमगीन है।  जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में स्थित आईटीबीपी कैंप में बुधवार सुबह हुई गोलीबारी में बिलासपुर के जवान की भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जवानों के बीच आपसी विवाद हुआ। इसके बाद एक जवान ने अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं, जिसमें छह जवानों की मौत हो गई व बाद में उसने खुद को भी गोली मार ली।इस घटना में बिलासपुर जिला के संडयार गांव के महेंद्र सिंह की भी मौत हो गई। महेंद्र सिंह की उम्र करीब 35 साल थी। महेंद्र सिंह की करीब दस साल पहले शादी हुई थी तथा 12 साल पहले आईटीबीपी में भर्ती हुआ था। महेंद्र सिंह को बचपन से ही सेना में जाने का शौक था।  उधर छत पंचायत की प्रधान उषा ठाकुर ने बताया कि प्रशासन ने इसकी जानकारी दी है। जवान के निधन से लोगों में शोक है। उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने बताया कि इसकी सूचना प्राप्त हुई है। शव गुरुवार को पहुंचने की उम्मीद है। 

शुक्कर खड्ड के किनारे होगा अंतिम संस्कार

छत्तीसगढ़ में गोलाबारी में बिलासपुर के एक जवान की मौत के बाद उसका पार्थिव शरीर गुरुवार को घर पहुंचेगा। जहां पर शुक्कर खड्ड के किनारे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। दुखद घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रो बुरा हाल है। जैसे की इस घटना का पता लोगों को चला तो पूरे क्षेत्र में मातम परस गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App