आप बोली, जल्द गिरेगी अमरेंदर सरकार

By: Dec 2nd, 2019 12:01 am

वरिष्ठ नेता के बोल, कांग्रेस के 40 विधायक आम आदमी पार्टी के संपर्क में

चंडीगढ़, मनीमाजरा आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि पंजाब की कैप्टन अमरेंदर सिंह सरकार खतरे में है। यह सरकार जल्द गिर सकती है। आप के वरिष्ठ नेता अमन अरोड़ा ने कहा है कि कांग्रेस के 40 विधायक आप के संपर्क में हैं और वे पार्टी के साथ मिलकर नई सरकार बना सकते हैं। इस बारे में चर्चा चल रही है। सुनाम (संगरूर) से आप विधायक अमन अरोड़ा ने यहां कैप्टन अमरेंदर सिंह सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह सरकार गिर सकती है। कांग्रेस के 40 नाराज विधायक आम आदमी पार्टी के संपर्क में हैं। आप ने कैप्टन सरकार से नाराज इन विधायकों को अपने साथ मिलकर नई सरकार के गठन का न्योता दिया है। नाराज विधायक आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर पंजाब में माफियाओं से मुक्त और भ्रष्टाचार रहित सरकार बना सकते हैं। अमन अरोड़ा ने इस संबंध में मदन लाल जलालपुर, हरदयाल सिंह कंबोज, राजिंदर सिंह व निर्मल सिंह शुतराणा जैसे नाराज कांग्रेस विधायकों का हवाला दिया। अरोड़ा ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंदर सिंह की बेरुखी से नाराज लगभग 40 कांग्रेस विधायकों ने उनसे संपर्क किया है। अरोड़ा ने कहा कि इन विधायकों ने इस बात को माना है कि पंजाब में माफिया राज सिर चढ़कर बोल रहा है। आप के 19 और कांग्रेस के 40 विधायकों के अलावा कांग्रेस से दरकिनार चल रहे नवजोत सिंह सिद्धू अगर मिल जाएं तो नई सरकार बन सकती है। उल्लेखनीय है कि पंजाब में कुल 117 विधायक हैं। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के घर यानि गृह जिले पटियाला के चारों विधायकों की नाराजगी दूर करने के लिए अधिकारियों के साथ शनिवार को होने वाली बैठक रद्द हो गई। माना जा रहा है कि चारों विधायकों ने मीटिंग का बायकॉट किया था, लेकिन कोई भी विधायक बैठक के संबंध में कुछ भी कहने से बच रहा है। सभी बैठक में न जाने का कारण अपने हलके के किसी जरूरी काम में व्यस्त होना बता रहे हैं। जिला प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बैठक रद होने का कारण ‘निवेशक सम्मेलन’ के प्रोजेक्ट में व्यस्त होना बताया है। वहीं, डीसी कुमार अमित का कहना है कि अधिकारी पंजाब सरकार के निवेशक सम्मेलन की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी कारण बैठक नहीं हो पाई।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App