इस महीने रिटायर होंगे पांच आईएएस

By: Dec 12th, 2019 12:01 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश के पांच आला प्रशासनिक अधिकारी इसी महीने सेवानिवृत्त हो जाएंगे। इनके रिटायर होने से सरकार को अधिकारियों की कमी खलेगी, क्योंकि ये आला प्रशासनिक अधिकारी हैं। इनमें से तीन अधिकारी प्रदेश से बाहर हैं, जो यहां पर भी कई महत्त्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं और उनका प्रशासनिक सेवा में बड़ा नाम है। एक तरफ ये अधिकारी रिटायर होंगे, तो दूसरी ओर दिल्ली से दो अधिकारियों के इसी महीने लौटने की सूचना है। ये अधिकारी इसी महीने के आखिर में हिमाचल लौटेंगे, जिनके आने की सूचना  कार्मिक विभाग को मिल गई है। इस महीने प्रदेश के मुख्य सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी रिटायर हो रहे हैं। हालांकि रिटायरमेंट के बाद वह प्रदेश सरकार में ही कहीं नियुक्ति हासिल कर लेंगे, लेकिन नियमों के अनुसार वह 31 दिसंबर को रिटायर हो जाएंगे। वह वर्ष 1985 बैच के अधिकारी हैं। उनके अलावा वर्ष 1983 बैच की अधिकारी उपमा चौधरी भी रिटायर हो जाएंगी। वह वर्तमान में लाल बहादुर शास्त्री नेशनल प्रशासनिक अकादमी मसूरी में तैनात हैं, वहीं इनके अलावा इसी बैच के आशाराम सिहाग हैं, जो भी सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। वह भारी उद्यम मंत्रालय में सचिव के पद पर हैं। प्रदेश में ही कार्यरत संजीव भटनागर भी इसी महीने में रिटायर हो जाएंगे। वह वर्ष 2008 बैच के अफसर हैं, वहीं उनके अलावा देवा सिंह नेगी, जो कि 2010 बैच के अधिकारी हैं, वह भी रिटायर होने जा रहे हैं। वह लंबे समय से निदेशक भू-अभिलेख का जिम्मा देख रहे हैं। इन अफसरों के रिटायर होने से प्रशासनिक सेवाओं में खासी कमी खलेगी। इतनी संख्या में अभी आईएएस में प्रोमोशन अगले नियुक्ति कोटे के अनुसार ही होगी। इसमें देवा सिंह नेगी एचएएस कैडर से आईएएस कैडर में प्रोमोट हुए हैं।

17 दिसंबर को आएंगे श्रीवास्तव

दो अधिकारी दिल्ली से लौट भी रहे हैं। आईएएस अधिकारी रजनीश और ज्ञानेंद्र कुमार श्रीवास्तव हैं। श्रीवास्तव ने कार्मिक विभाग को 17 दिसंबर को ज्वाइनिंग की पुष्टि भेज दी है, वहीं रजनीश  माह के अंत में वापस शिमला लौटेंगे। अगले साल कुछ और अधिकारियों के दिल्ली से लौटने का समय हो जाएगा, लिहाजा उम्मीद है कि यहां पर अधिकारी वापस आएंगे और सरकार का कामकाज आराम से निकल सकेगा। अगले साल भी सात आईएएस अधिकारी पूरे साल में सेवानिवृत्त होने हैं, जिनके नामों की सूची भी कार्मिक विभाग ने जारी कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App