कांगड़ा में ऑटो चालकों की हड़ताल

ज्यादा पैसे लेने के आरोप नकारे; बोले, बस स्टैंड और तहसील चौक से लेंगे 80 रुपए किराया

कांगड़ा-शहर में ऑटो चालकों का पहिया जाम हुआ तो लोगों को भारी मुश्किलों का सामना यहां करना पड़ा। दरअसल बुधवार को ऑटो चालक यूनियन ने यहां हड़ताल कर दी और सुबह से ही करीब छह दर्जन ऑटो चालक हड़ताल पर चले गए। ऑटो यूनियन के प्रधान प्रेम कुमार ने बताया कि ऑटो चालकों को बेवजह परेशान किया जाता है। जिस वजह से उन्हें मुश्किलें आ रही हैं। प्रेम कुमार ने बताया कि कई बेरोजगार युवकों ने लोन लेकर ऑटो खरीदे हैं और वे मुश्किल से लोन की किस्तें अदा करते हैं और अपने परिवार का पालन-पोषण उन्होंने इसके जरिए चलाया है। उन्होंने निफ्ट के छात्र-छात्राओं द्वारा मनमाने दाम वसूलने के आरोपों को भी सिरे से नकारा और कहा कि वाजिब दाम पर ही छात्र-छात्राओं को खराब सड़क होने के बावजूद भी निफ्ट से बाजार तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने कहा कि तहसील चौक या बस अड्डा से निफ्ट का किराया 80 रुपए ही लिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि वे इन ऑटो चालकों का सहयोग करें ताकि लोगों को मुश्किलों का सामना न करना पड़े। ऑटो चालकों की हड़ताल की वजह से सुबह यहां लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्हें ऑटो न मिलने की वजह से पैदल ही इधर-उधर जाना पड़ा बाद में एसडीएम कांगड़ा जतिन लाल ने हड़ताली ऑटो चालकों को बुलाया और नियमों के तहत तिपहिया वाहन चलाने की हिदायत दी। उसके बाद दोपहर को हड़ताल खत्म कर दी गई। उल्लेखनीय है कि शहर में इस समय करीब छह दर्जन ऑटो चलते हैं। इसके अलावा यहां आसपास के क्षेत्रों में तिपहिया वाहनों का आंकड़ा अढ़ाई सौ को पार कर गया है। मंगलवार को एसडीएम कांगड़ा जतिन लाल ने यहां तिपहिया वाहन चालकों के साथ चालान काटे थे। उसके बाद तिपहिया वाहन चालक गुस्से में थे, लेकिन बुधवार को हड़ताल के बाद समझौता हो जाने के बाद हालात सामान्य हो गए।