कांग्रेस की भारत बचाओ रैली 14 को

By: Dec 12th, 2019 12:20 am

चिंतपूर्णी ब्लॉक युवा कांग्रेस की समीक्षा बैठक के दौरान युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष अनुज धीमान ने दी जानकारी

अंब-चिंतपूर्णी ब्लॉक युवा कांग्रेस की समीक्षा बैठक लोक निर्माण विभाग के अंब स्थित विश्रामगृह में आयोजित की गई। बुधवार को आयोजित इस बैठक की युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष अनुज धीमान ने की। जबकि पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, प्रदेश प्रभारी युवा कांग्रेस जगदेव गागा, ब्लॉक कांग्रेस चिंतपूर्णी के पूर्व अध्यक्ष बलवान सिंह ठाकुर, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनिंद्र डिंपल कटोच, प्रदेश सचिव एवं चिंतपूर्णी के प्रभारी सुमित शर्मा, प्रदेश सचिव राघव राणा, तनुज ठाकुर भी इस बैठक में विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश में बढ़ रही महंगाई के खिलाफ 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली देश बचाओ रैली को सफल बनाने की रूपरेखा तैयार की गई। इसके उपरांत कांग्रेसी कार्यकताओं ने प्याज के बढ़ते बेतहाशा दामों और एनआरसी विल के विरोध में एसडीएम अंब तोरुल एस रवीश के माध्यम से देश के राष्ट्रपति को ज्ञापन भी भेजा। वहीं, पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि झूठे वादों के बल पर बनी भाजपा सरकार ने देश में भय का माहौल पैदा कर दिया है भाजपा की वोट बैंक की राजनीति के चलते देश की सामाजिक व्यवस्था बिगड़ रही है। देश में चारों तरफ डर और अराजकता का बोलबाला है। किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी व युवा वर्ग सरकार की गलत नीतियों के कारण परेशान है। सरकार की इन्हीं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने आगामी 14 दिसंबर को दिल्ली में भारत बचाओ रैली का आयोजन किया है। रैली में भाग लेने के लिए चिंतपूर्णी से भारी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली के लिए कूच करेंगे। धर्म व संप्रदाय के नाम पर समाज को बांटने में जुटी भाजपा-गागा प्रदेश प्रभारी युवा कांग्रेस जगदेव गागा ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा ने कई लोक लुभावने वादे किए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद भाजपा इन वादों को भूल गई है। आज देश में महंगाई चरम पर है। भ्रष्टाचार एवं अराजकता का बोलबाला है। देश में महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं है। आए दिन दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इन पर अंकुश लगाने के बजाए धर्म व संप्रदाय के नाम पर समाज को बांटने में जुटी है। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अब कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक सरकार का विरोध किया जाएगा।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App