क्रिसमस पर दुल्हन की तरह सजे चर्च

By: Dec 26th, 2019 12:20 am

चंबा और डलहौजी में ईसाई समुदाय के लोगों ने मनाया जश्न, गिरिजाघरों में प्रार्थना कर मांगी भाईचारे और अमन-चैन की दुआएं

चंबा-क्रिसमस का त्योहार बुधवार को पूरी धार्मिक श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। क्रिसमस को लेकर शहर के बीचोंबीच स्थित ऐतिहासिक चर्च को दुल्हन की तरह सजाया गया था। क्रिसमम के मौके पर इसाई समुदाय के लोगों ने घरों में क्रिसमस ट्री सजाने के साथ अपने सगे-संबंधियों व दोस्तों को दावतें भी दी। क्रिसमस के मौके पर चर्च परिसर में भी सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया। क्रिसमस के पावन मौके पर ऐतिहासिक चर्च में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए ईसाई समुदाय के लोगों का सज धजकर पहुंचने का सिलसिला सवेरे से ही आरंभ हो गया था। चर्च में आयोजित कार्यक्रम में पादरी शमशेर मसीह ने ईसाई समदुय के लोगों को भगवान यीशु मसीह की जीवनी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बाइबल में उल्लेखित उपदेशों का अनुसरण करने को भी प्रेरित किया। उन्होंने समुदाय के लोगों से भगवान यीशु मसीह के पदचिन्हों पर चलकर इनसानियत की सेवा करने को कहा।  तदोपरांत चर्च में सामूहिक प्रार्थना सभा के दौरान पूरे समाज और देश में एकता, अखंडता और सौहार्द के लिए प्रार्थना की गई। ईसाई समुदाय के लोगों कैरोल सिंगिंग के माध्यम से भगवान यीशु मसीह को याद किया। इस दौरान समुदाय के नन्हे-मुन्हे बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। उधर, पादरी शमशेर मसीह ने बताया कि क्रिसमस को लेकर चर्च में पिछले एक सप्ताह से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बुधवार को क्त्रिसमस पर्व का मुख्य समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने साथ ही समस्त जिलावासियों को क्रिसमस पर्व की मुबारकबाद भी दी।

डलहौजी-मानवता को नई राह दिखाने वाले प्रभु ईसा मसीह का जन्मदिवस क्रिसमस डे डलहौजी में आस्था व हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कैंट में स्थित ऐतिहासिक सेंट एंड्रयू चर्च में पादरी परवेज एडबर्ग की अगवाई में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमे इसाई समुदाय के लोगों के अलावा पर्यटकों व स्थानीय लोगों ने भी प्रार्थना सभा में हिस्सा लेते हुए देश-दुनिया में अमन, शांति, प्रेम व भाईचारे की दुआएं मांगीं। इसके साथ ही केक भी काटा गया। प्रार्थना सभा के दौरान प्रभु यीशु के बाइबल में लिखे संदेशों को पढ़ा गया। और कैरोल सिंगिंग के माध्यम से प्रभु यीशु को याद किया। पादरी परवेज एडबर्ग और अजैब मसीह और सचिव रिचर्ड बहारा ने बताया कि क्रिसमस डे के अवसर पर सेंट एंड्रयूज चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पवित्र बाइबल की शिक्षा को अपनाने पर बल देते हुए प्रभु यीशु को मानवता का उद्धारक व गुनाहगारों को क्षमा करने वाला सच्चा मसीहा बताया गया। उन्होंने बताया कि प्रभु यीशु ने पूरी दुनिया को प्रेम, दया, क्षमा व विश्व बंधुत्व की जो शिक्षा दी है उस पर चलकर ही इनसानियत को अपनी सर्वश्रेष्ठ मंजिल मिल सकती है। इस अवसर पर बाहरी राज्यों से आए पर्यटकों सहित सभी धर्मो के लोग प्रभु यशु मसीह के जन्मदिवस पर शामिल हुए।

पूरी नहीं हो पाई व्हाइट क्रिसमस की आस

डलहौजी। पर्यटन नगरी डलहौजी में क्रिसमस सेलिब्रेशन के लिए खूब चहल पहल रही। भले ही इस बार पर्यटकों की व्हाइट क्रिसमस की आस धरी रह गई, लेकिन हाल ही में हुई बर्फबारी से लकदक डलहौजी की वादियों में पर्यटकों में खूब मौज मस्ती की। इसके अलावा पर्यटकों के मनोरंजन के लिए होटलों में खास बंदोबस्त किए गए। होटलों में क्रिसमस पार्टियों और विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इसके अलावा होटलों में खास व्यंजन परोसे गए। क्रिसमस के मौके पर होटलों में डीजे म्यूजिक नाइट और कैंप फायर आदि का आयोजन किया गया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App