गर्म शरीर और कंपकंपी घातक

By: Dec 7th, 2019 12:18 am

अगर किसी व्यक्ति का शरीर अचानक गर्म हो जाए और उसे ठंड लगने लगे, तो आमतौर पर इसे बुखार का संकेत समझा जाता है। मगर क्या आप जानते हैं कि गर्म शरीर के साथ कंपकंपी सिर्फ बुखार नहीं, बल्कि अन्य कई बीमारियों का भी संकेत हो सकता है? इनमें से कुछ बीमारियां या स्वास्थ्य समस्याएं सामान्य,तो कुछ खतरनाक हो सकती हैं, इसलिए ऐसी स्थिति को नजरअंदाज करना कई बार भारी पड़ सकता है। यूं भी बुखार को सामान्य समझने की भूल नहीं करनी चाहिए। इसका कारण यह है कि शरीर का गर्म होना किसी बीमारी का संकेत नहीं, बल्कि इस बात का संकेत होता है कि आपके शरीर पर किसी वायरस ने हमला किया है, जिसके बचाव में शरीर ने अपना तापमान बढ़ा लिया है। इसलिए अगर कभी आपको ऐसा महसूस हो कि आपका शरीर गर्म है और आपको ठंड लगने लगी है, तो इसका संकेत बुखार के अलावा यह बीमारियां भी हो सकती हैं।

गर्म माहौल से अचानक ठंडे माहौल में जाना

कई बार जब आपके शरीर का तापमान अचानक बदलता है, तो भी आपको ऐसा महसूस हो सकता है कि आपको ठंड लगने लगी है। ऐसा खासकर तब होता है जब आप गर्म माहौल से ठंडे माहौल में जाते हैं। अगर ठंडे माहौल में जाने से पहले आपने पर्याप्त कपड़े नहीं पहने हैं, तो आपको ठंड लगेगी और शरीर में कंपकंपी उठेगी। ये सामान्य है।

ज्यादा मेहनत वाला काम करने के कारण

कई बार जब आप बहुत ज्यादा शारीरिक मेहनत करते हैं या हाई इंटेंसिटी एक्सरसाइज करते हैं, तो अचानक रेस्ट करने पर भी आपको अपने शरीर का तापमान बढ़ा हुआ लग सकता है। इसके साथ ही रेस्ट की पोजीशन में आपको कंपकंपी की समस्या भी हो सकती है। ऐसे में अचानक रेस्ट की पोजीशन में जाने पर शरीर बहुत तेजी से गर्मी रिलीज करने लगता है और आपको कंपकंपी हो सकती है।

पैनिक अटैक का संकेत

शरीर का गर्म होना और ठंड लगना कई बार पैनिक अटैक का भी संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति आमौतर पर तब होती है, जब आप अचानक किसी बात से बहुत ज्यादा डर जाते हैं या जब आप कोई बहुत गहरे दुख वाली बात देखते या सुनते हैं। पैनिक अटैक, हार्ट और हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों के लिए खतरनाक हो सकता है। इसलिए ऐसे मरीजों के सामने कभी भी दिल दहलाने वाली घटना या बात अचानक से जाहिर नहीं करना चाहिए। हालांकि सामान्य स्थिति में पैनिक अटैक या स्ट्रेस होने पर थोड़ी देर शांत होकर बैठने, ठंडा पानी पीने और आंखों को बंद कर लेने से राहत मिल जाती है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App