गाय-बछड़े पर तेंदुए का हमला

By: Dec 6th, 2019 12:20 am

नंगल जरियालां में खौफ; घरों में दुबके लोग, सरकार से लगाई पिंजरा लगाने की गुहार

दौलतपुर चौक – क्षेत्र के गांव नंगल जरियालां में आदमखोर तेंदुए ने एक गाय और एक बछड़े को अपना शिकार बनाया है। जिससे गांववासी दहशत में है। मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव के  मोहल्ला झरेड़ा के रतन सिंह की गाय और बछड़े को बुधवार रात्रि तेंदुए ने अपना शिकार बना डाला। रतन सिंह ने बताया कि उनकी गाय और बछड़े को घर के नजदीक रात्रि के समय तेंदुए ने हमला कर मार गिराया, जिसका पता उन्हें गुरुवार सुबह लगा। उन्होंने बताया कि  मौके पर पहुंचे पशु फार्मासिस्ट हकीकत राय ने मौके पर पहुंच कर जांच की और गाय और बछड़े को तेंदुए द्वारा मारने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गाय और बछड़े के गले पर तेंदुए के काटने के निशान हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी नंगल जरियालां में तेंदुआ एक दर्जन पालतू कुत्तों और बकरियों को निशाना बना चुका है। स्थानीय लोगों ने विभाग से वन क्षेत्र से सटे इस गांव में पिंजरा लगाने की बात भी कही थी लेकिन विभाग ने इस पर कोई गौर नहीं की। स्थानीय लोगों कुलदीप चंद, राजिंद्र कुमार, सुरजीत, रमेश कुमार ने बताया कि सांझ ढलते ही ऊक्त तेंदुआ घरों के समीप पहुंचकर दहाड़ने लगता है जिससे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सहम जाते है और तेंदुए की उपस्थिति से उन्हें जानमाल के नुकसान की आशंका सताती है। उधर बीडीसी की पूर्व चेयर पर्सन मंजू जरियाल ने वन विभाग से मांग की है कि गांववासियों एवं उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पिंजरा लगाकर उसे पकड़ा जाए ताकि लोग अपने आपको सुरक्षित महसूस कर सकें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App