चुवाड़ी में युवा बाइकर्ज का खौफ

By: Dec 26th, 2019 12:20 am

सड़क पर  बिना हेल्मेट तेज रफ्तार से बाइक दौडा़कर कर रहे जोखिम में डाल रहे जान

चुवाड़ी-उपमंडल मुख्यालय चुवाड़ी में इन दिनों युवा बाइकर्ज ने खतरनाक ट्रेंड अख्तियार कर लिया है। हैवी बाइक से रेस लगाकर दूसरों का ध्यान अपनी तरफ  खींचने की खातिर युवा अपनी जान खतरे में डाल रहे हैं। कालेज शुरू होने के बाद तो इस स्पीड के खेल में मानों कई युवा मौत तलाश रहे हों। सुबह जैसे ही स्कूल-कालेज टाइम होता है, तो कस्बे में कई बाइकर्ज बिना हेल्मेट रेस लगाते नजर आते हैं। इनमें अगर कुछ ने हेल्मेट पहने भी हों, तो वे ट्रिप्पलिंग कर रहे होते हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली छात्रों और बुजुर्गों को होती है। एक रिटायर्ड अधिकारी ने बताया कि वह सुबह नौ बजे के करीब बाजार जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। न जाने कब-कौन बिगड़ैल टक्कर मार दे। पुलिस प्रशासन को इन शरारती तत्त्वों पर नुकेल कसनी चाहिए। इसी तरह एक महिला का कहना था कि सुबह बाइकर्ज की रफ्तार को देख कर उनका दिल बैठ जाता है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि आखिर पुलिस क्यों इन पर कार्रवाई नहीं कर पा रही। इसी तरह एक छात्रा ने बताया कि सुबह कालेज पहुंचना मुश्किल हो जाता है। सडक किनारे करीब करीब युवतियों से छूकर ये बाइकर्ज गुजरते हैं। यही नहीं शिक्षण संस्थानों के बाहर भी ऐसे बिगड़ैल युवकों का हुजूम लगा रहता है। क्षेत्र के बुद्धिजीवी वर्ग का मानना है कि पुलिस को ऐसे नौजवानों को कड़ा सबक देना चाहिए। सुबह के समय शिक्षण संस्थानों के समीप गश्त बढ़ानी चाहिए। तेज रफ्तार, ट्रिप्पलिंग या बिना हेल्मेट वालों का चालान करना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App