च्यवनप्राश के गुण

By: Dec 21st, 2019 12:25 am

सर्दी के दिनों में च्यवनप्राश का सेवन करना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है, यह तो आप जानते होंगे, लेकिन च्यवनप्राश खाने के और भी कई फायदे हैं, जो आपके स्वास्थ्य के लिए कारगर साबित हो सकते हैं। जानिए च्यवनप्राश के बेमिसाल गुणों के बारे में। सर्दी के दिनों में च्यवनप्राश का सेवन करना, शरीर में गरमाहट पैदा कर ठंड के दुष्प्रभावों से बचाता है। इसके अलावा च्यवनप्राश खाने से आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता में भी वृद्धि होती है और बीमारियां दूर रहती हैं।  सर्दी, खांसी, फ्लू और कफ  हो जाने पर च्यवनप्राश खाना फायदेमंद होता है। सर्दी में प्रतिदिन सुबह और शाम के समय च्यवनप्राश खाने से सर्दी से पैदा होने वाली बीमारियां नहीं होती। पाचन से जुड़ी परेशानियों में च्यवनप्राश बहुत फायदेमंद है, इसे रोजाना खाने से पाचन की सभी परेशानियां खत्म हो जाती हैं और पाचन तंत्र मजबूत होता है। च्यवनप्राश में आंवला और अन्य जड़ी- बूटियां होती हंै, जो आपके शरीर को विटामिन्स और मिनरल्ज देती हैं और इससे आपकी क्रियाशीलता में वृद्धि होती है। अगर आपके बाल सफेद हो रहे हैं, तो च्यवनप्राश खाना आपके लिए एक बेहतरीन उपाय है। रोजाना च्यवनप्राश खाना आपके सफेद होते बालों को भी काला करने की क्षमता रखता है। इससे नाखून भी मजबूत होते हैं।

 सर्दी में खांसी होना आम बात है, लेकिन अगर आप पुरानी खांसी से भी परेशान हैं, तो च्यवनप्राश जरूर खाएं। इससे आपको खांसी से बिलकुल निजात मिल जाएगी। इसके अलावा च्यवनप्राश आपके हिमोग्लोबिन को भी बढ़ाता है। छोटे बच्चों में होने वाली कई समस्याएं सिर्फ  च्यवनप्राश खाने से दूर हो सकती हैं। सर्दी के कारण भी बच्चे सेहत से जुड़ी परेशानियों से जूझते हैं। च्यवनप्राश का नियमित सेवन बच्चों को अंदरूनी शक्ति देता है। महिलाओं के लिए भी च्यवनप्राश खाना बहुत लाभकारी है। बच्चे हों या बड़े नियमित च्यवनप्राश का सेवन दिमाग की सक्रियता को बढ़ाता है और एकाग्रता में वृद्धि करता है। इससे मानसिक तनाव में कमी आती है और दिमाग स्वस्थ रहता है। यह शरीर के आंतरिक अंगों की सफाई कर हानिकारक तत्त्वों को बाहर निकालने में मदद करता है। इसके अलावा यह रक्तचाप के स्तर को नियंत्रित रखने में मददगार है। च्यवनप्राश एक सुरक्षित हर्बल टॉनिक है और इसका सेवन किसी भी उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद है। यह आपके स्वास्थ्य को ठीक रखने और आपको दीर्घायु बनाने के लिए एक अचूक दवाई है। एक या दो बड़े चम्मच च्यवनप्राश सुबह गर्म दूध के साथ  मिलाकर रोज सुबह नाश्ते से पहले लें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App