जंजैहली के तरुण नंबर-1 सिंगिंग स्टार

By: Dec 22nd, 2019 12:02 am

स्टार मेकर पर 20 लाख फालोअर्स के साथ पाई उपलब्धि

थुनाग, जंजैहली – हिमाचल के दूरदराज क्षेत्र जंजैहली के गायक, गीतकार एवं संगीतकार तरुण कौशल ने गायन एप्लिकेशन स्टार मेकर में दो मिलियन यानी 20 लाख फालोअर्स को अपना बनाकर स्टार मेकर एप्लिकेशन में प्रथम स्थान पर प्राप्त किया है। इससे पूर्व तरुण कौशल स्टार मेकर के वर्ल्ड म्यूजिक कंपीटिशन में भी विश्व भर में तीसरा स्थान प्राप्त कर चुके हैं। इसी एप्लिकेशन द्वारा 2018 में चलाए गए म्यूजिक हंट में भारत भर में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद उन्हें मुंबई के विख्यात म्यूजिक डायरेक्टर लेस्ली लुइस के संगीत निर्देशन में गाने का अवसर प्रदान हुआ था। मुंबई की एक फिल्म मेकर कंपनी ब्लिस अनलिमिटेड  द्वारा निर्देशित फिल्म में भी वह आवाज दे चुके हैं। वर्तमान में अमरीका की म्यूजिक कंपनी प्ले वर्क्स लिमिटेड, दिल्ली की रिवा म्यूजिक कंपनी और कुल्लू के ब्लिंग स्टूडियो के साथ कार्य कर रहे हैं। तरुण कौशल ने बताया कि ब्लिंग स्टूडियो हिमाचल के उन स्टूडियोज में से है, जो हिमाचल के उन कलाकारों को प्रोत्साहित कर रहे हैं, जो पैसे के अभाव में अपनी कला को प्रदर्शित नहीं कर पा रहे हैं। यहीं से 13 दिसंबर को उनका एक गीत खैरियत रिलीज हुआ है। वे अपने स्टूडियो के माध्यम से भी हिमाचल की छिपी प्रतिभाओं को उभारने का प्रयास कर रहे हैं। यू-ट्यूब पर भी इनके लाखों प्रशंसक हैं। इस कामयाबी को वह अपने परिवार, लाखों प्रशंसकों का आशीर्वाद, यू-टयूब व स्टार मेकर का सहयोग  मानते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App