ज्वाइनिंग डेट से मिलें वरिष्ठता लाभ

By: Dec 5th, 2019 12:20 am

विज्ञान अध्यापक संघ ने सरकार से उठाई आवाज,हक पाने को करेंगे संघर्ष

मंडी – प्रदेश में वर्ष 2008  से भर्ती एवं पदोन्नति नियम से सभी विभागों में अनुबंध आधार पर भर्तियां हो रही हैं। यही भर्ती प्रक्रिया इससे पूर्व भी थी, उन्हें नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता मिल रही है, लेकिन 2008 के बाद वालों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता नहीं मिल रही है। यह बात प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ जिला मंडी के अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि एक ही भर्ती एवं पदोन्नति से नियुक्त होने के उपरांत किस प्रकार की आजादी और अधिकारों की बात सरकार में बैठे लोग कर रहे हैं। विज्ञान अध्यापक संघ अनुबंध कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता और पुरानी पेंशन बहाली की जोरदार मांग करता है। इसके लिए विज्ञान अध्यापक संघ संघर्ष करने से भी गुरेज नहीं करेगा। वह अपने हक को पाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि 2008 में नियुक्त अनुबंध कर्मचारियों से बहुत बड़ा अन्याय हुआ है, क्योंकि जब उनका अनुबंध हुआ उस समय पुराना भर्ती एवं पदोन्नति नियम था, जबकि इसके तहत कर्मचारियों की नियुक्तियां नियमित होनी चाहिए थीं, लेकिन उन्हें अनुबंध पर नियुक्त किया गया। जबकि नया भर्ती एवं पदोन्नति नियम 22 अक्तूबर 2009 को सरकारी गजट में प्रकाशित हुआ है। अनुबंध पर नियुक्तियां  इसके उपरांत होनी थी, परंतु विडंबना यह है कि इस नियम को एक वर्ष पूर्व लगा दिया। यह अनुबंध कर्मचारियों के साथ एक घोर अन्याय है। इसके चलते कर्मचारियों को सात वर्ष के उपरांत नियमित किया गया। जिला अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ सरकार से मांग करता है कि 2008 में नियुक्त अनुबंध कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से नियमित किया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App