ठंड से जमी जिंदगी

By: Dec 13th, 2019 12:10 am

पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी, मैदानों में झमाझम बारिश से गिरा पारा

मनाली – शहर में गुरुवार को ताजा बर्फबारी के दौरान थमे गाडिय़ों के पहिए

शिमला – हिमाचल में कड़ाके की ठंड ने जिंदगियों को जाम कर दिया है। गुरुवार को ताजा बर्फबारी व बारिश के बाद फिर से समूचा राज्य शीतलहर की चपेट में आ गया है। राज्य के केलांग, कल्पा, किन्नौर, लाहुल-स्पीति, कुल्लू, मनाली, सिरमौर व जिला शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गुरुवार को बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। इसके चलते अधिकतम तापमान में एक से दस डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम पारे में भी एक से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में गिरावट आने के बाद समूचे राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के मैदानी इलाकां में शुक्रवार को भी अनेक स्थानों पर बारिश होगी। विभाग ने मध्यम व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश व बर्फवारी की चेतावनी जारी की है। राज्य में 15 दिसंबर तक मौसम खराब बना रहेगा और 16 से मौसम साफ बना रहेगा। राज्य के खदराड़ा, कोठी, केलांग, कल्पा, मनाली, गोडला सहित कुल्लू, सिरमौर, मंडी, धर्मशाला व किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। बीते 24 घटों के दौरान जिला शिमला के खदराडा में सबसे ज्यादा आठ सेंटीमीटर बर्फबारी रिकार्ड की गई है, वहीं कोठी में पांच, कल्पा व केलागं में तीन सेंटीमीटर तक हिमपात दर्ज किया गया है। राज्य के मैदानी इलाकों में अधिकतर क्षेत्रों में बारिश हुई है। इसके अलावा राज्य के कुमारसैन, रामपुर, ठियोग, जुब्बल, शिमला, मशोबरा व सराहन में बारिश रिकार्ड की गई है, जिससे अधिकतम तापमान में एक से 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। कल्पा व डलहौजी का पारा लुढ़ककर शून्य डिग्री तक पहुंच गया है। कल्पा व  भुंतर के तापमान में सबसे ज्यादा 10 डिग्री की गिरावट आई है। शिमला, सुंदरनगर, ऊना, सोलन, हमीरपुर व चंबा के तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। तापमान में भारी गिरावट आने से समूचे राज्य में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मध्यम व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश व बर्फबारी होगी। मैदानी इलाकों में भी अनेक स्थानों पर बारिश होगी। राज्य में 15 तक मौसम खराब बना रहेगा और16 को ही राहत मिलेगी।

कहां- कितना तापमान

शहर    अधिकतम    न्यूनतम

केलांग     -2.6       -3.9

कल्पा     0.8       -0.9

डलहौजी  0.0       2.3

शिमला    5.9       2.8

भुंतर       8.5       4.4

धर्मशाला   9.4       7.6

सुंदरनगर  11.4       7.5

ऊना       14.6       11.0

सोलन     11.0       4.0

नाहन      14.8       10.3

कांगड़ा    12.7       9.0

बिलासपुर 13.0       5.5

हमीरपुर    12.8       6.0

चंबा       8.9       6.8


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App