तुर्की-अफगानिस्तान भी नहीं रोक पाए आंसू

भोरंज में 100 से 120 रुपए किलो पहुंचा प्याज का रेट, साइज देख सभी हैरान

भोरंज – उपमंडल भोरंज के अंतर्गत विभिन्न कस्बों में अफगानिस्तान व तुर्की का प्याज पहुंचना शुरू हो गया। क्षेत्र में प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद दाम आम आदमी के बजट से बाहर होते जा रहे हैं। तुर्की और अफगानिस्तान से प्याज पहुंचने के बावजूद हालात जस के तस हैं। बाहर से प्याज की आवक शुरू होने के बाद भी दामों में राहत मिलने की उम्मीद है।  कस्बों में बड़े साइज का प्याज देखने को मिल रहा है, जिसमें एक प्याज का वजन 500 से 600 ग्राम के आसपास है। इससे लोग हैरान व परेशान हैं। भोरंज के विभिन्न कस्बों बस्सी, भरेड़ी, तरक्वाड़ी, जाहू, अवाहदेवी व सुलगवान इत्यादि में प्याज लगातार आम आदमी को रुला रहा है। दिन-प्रतिदिन प्याज की कीमतों में इजाफा हो रहा है। बाजार भाव की बात करें तो प्याज 100 से 120 रुपए प्रति किलो तक बेचा जा रहा है।  नासिक में प्याज की फसल खराब होने के कारण इस बार पूरे देश में ही प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। ऐसे में भोरंज के विभिन्न कस्बों में भी प्याज की डिमांड के अनुरूप न पहुंच पाने के कारण दाम बढ़ते जा रहे हैं।  होशियारपुर व नेरचौक की मंडियों से स्थानीय प्याज के साथ ही तुर्की और अफगानिस्तान का प्याज भी भोरंज के विभिन्न कस्बों में पहुंच रहा है, लेकिन यह नाकाफी साबित हो रहा है। बाहर से आने वाले प्याज की भी दो किस्में बताई जा रही हैं। बड़े साइज का प्याज छोटे प्याज के साइज से कम रेट में बिक रहा है, जबकि छोटे साइज के प्याज का मंडी रेट ही 100 के पार बताया जा रहा है। क्षेत्र में कई लोगों ने तो प्याज के बिना ही सब्जी बनानी शुरू कर दी है।