दरिंदों को फांसी की मांग बुलंद

By: Dec 5th, 2019 12:35 am

तेलंगाना में महिला डाक्टर गैंगरेप मामले में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन

शिमला – प्रदेश महिला कांग्रेस ने तेलंगाना में एक महिला डाक्टर के साथ हुए गैंगरेप और हत्या के विरोध में जिलाधीश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस ने ऐसे जघन्य अपराध के लिए सख्त कानून बनाने की मांग करते हुए दोषियों को फांसी की मांग की। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनव चंदेल ने विरोध रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश में जिस प्रकार महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं, उससे साफ है कि देश की कानून व्यवस्था कहीं न कहीं कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि हर रोज ऐसी घटनाओं ने महिला समाज को असुरक्षित कर दिया है। आज छोटी छोटी मासूम बच्चियां भी बलात्कारियों की हवस का शिकार हो रही हैं। जैनब ने सरकार से इस घिनौनी समस्या के समाधान के लिए एक कड़ा कानून बनाकर तुरंत फैसले और कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को किसी भी स्तर पर दबाने का कोई प्रयास नहीं किया जाना  चाहिए। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा तभी सार्थक होगा जब हम समाज से इस दोष को जड़ से ही खत्म करने के लिए कोई ठोस कदम उठाएं। इस दौरान उनके साथ प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष कविता सिंह, शारदा ठाकुर के अतिरिक्त सोनिया चौहान, शशि ठाकुर, वृंदा सिंह, प्रभा वर्मा, विनीता वर्मा, विमला, कमला, मिन्नी, सत्या वर्मा, जेनी प्रेम, काजल शर्मा, निर्मला, नीना, तनु चौहान, शशि बहल के अतिरिक्त जिला महिला कांग्रेस और ब्लॉक महिला की पदाधिकारी उपस्थित थीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App