दिल्ली रैली से विधायकों को छूट

By: Dec 12th, 2019 12:01 am

विधानसभा सत्र के चलते नहीं जा पाएंगे कांग्रेस के एमएलए

शिमला – दिल्ली में कांग्रेस की 14 दिसंबर को विरोध रैली होनी है, जिसमें कांग्रेस के एक हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को वहां ले जाने का टारगेट है। इस टारगेट को पूरा कर इससे कहीं अधिक कार्यकर्ताओं को वहां ले जाने का दावा कांग्रेस पार्टी कर रही है, मगर उसने अपने विधायकों को इससे छूट दे दी है। कांग्रेस विधायकों को रैली में जाने से पार्टी संगठन ने छूट दी है। क्योंकि यहां पर विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है और 14 दिसंबर को विधानसभा का आखिरी दिन है। ऐसे में कांगे्रस के विधायक नहीं जा सकेंगे। उन लोगों को दिल्ली के लिए एक दिन पहले जाना पड़ता और यहां सदन की कार्यवाही में शामिल होना भी उनके लिए जरूरी है। इन परिस्थितियों में विधायकों को छूट दे दी गई है। शेष सभी पूर्व पदाधिकारियों, जिनमें पूर्व विधायक , पूर्व पीसीसी, डीसीसी व बीसीसी के अध्यक्षों को अपने साथ कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने का टारगेट दिया गया है। इसके अलावा कांग्रेस के अग्रणी संगठनों जिनमें कांग्रेस सेवादल ने 300 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गणवेश में वहां पर ले जाने का टारगेट रखा है। कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर इस विरोध रैली को सफल बनाने के बाद प्रदेश स्तर पर भी केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शनों की रणनीति बनाएगी। यहां पर भी जिला स्तर पर विरोध रैलियां की जाएंगी, लेकिन इससे पहले यहां कार्यकारिणी के गठन का भी मामला फंसा हुआ है। यह भी बता दें कि दिल्ली जाने वाले नेताओं को  आगे कुर्सी की भी चाह है लिहाजा कांग्रेस का यह टारगेट बताएगा कि नेता संगठन के साथ किस तरह का रवैया रखते हैं। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने साफ कहा है कि संगठन के लिए समय देने वाले को कुर्सी मिलेगी और किसी की सिफारिश पर पद नहीं दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App