देश को धर्म पर बांट रहा केंद्र

By: Dec 12th, 2019 12:01 am

नागरिकता संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस में रोष

शिमला – हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने लोकसभा में पारित नागरिकता संशोधन बिल का कड़ा एतराज जताते हुए इसके विरोध में उपायुक्त कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने इस बिल के प्रावधानों पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे देश की एकता और अखंडता के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा कि इसके लागू होने से देश में कट्टरवाद और संकीर्ण मानसिकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश को धर्म के आधार पर बांटने का प्रयास कर रही है। श्री राठौर ने कहा कि भाजपा देश में संविधान की धारा-14 की मूल भावना से छेड़छाड़ कर अपने एजेंडे पर काम कर रही है। इस धारा के अंतर्गत पहले भी आठ बार इसमें संशोधन पर किसी ने एतराज नहीं किया, पहली बार जिस तरह देश में भय का माहौल बना है और पुर्वोत्तर राज्यों में जैसा आक्रोश फैला हुआ है, वह चिंता का विषय है। श्री राठौर ने कहा कि एक सोची समझी साजिश के तहत भाजपा देश के जटिल मुद्दों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश में है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया है कि वह संसद के अंदर और बाहर विपक्षी नेताओं को डराने और धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस देश में भाजपा के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन शुरू करने जा रही है। 14 दिसंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी इसका शुभारंभ करेंगी, जो बाद में पूरे देश में व प्रदेश में चलाया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनव चंदेल, हरि कृष्ण हिमराल, सोनिया चौहान, राजकुमारी सोनी, शशि ठाकुर, शिमला व्यापार मंडल अध्यक्ष इंद्र सिंह, पार्षद राकेश चौहान, जितेंद्र चौधरी, आनंद कौशल, दिवाकर देव, संजीव कुठयाला, मंगा, आत्मा राम, नरेंद्र ठाकुर समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App