नए स्वरूप में नजर आएगा विंटर कार्निवल

By: Dec 7th, 2019 12:20 am

मनाली में मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न प्रबंधों पर की चर्चा

मनाली – पर्यटन नगरी मनाली में दो से छह जनवरी तक मनाए जाने वाल राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव नए स्वरूप में नजर आएगा। इसके आयोजन को लेकर वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि इसमें सांस्कृतिक, पर्यटन और विंटर स्पोर्ट्स से संबंधित गतिविधियों के अलावा आम लोगों व पर्यटकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष बल दिया जाएगा। शुक्रवार को मनाली में राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव के आयोजन को लेकर मंत्री ने आयोजन समिति के सरकारी और गैर सरकारी सदस्यों के साथ शरदोत्सव के विभिन्न प्रबंधों को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि शरदोत्सव के माध्यम से जहां मनाली और इसके आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन का विस्तार होता है, वहीं देश-विदेश के पर्यटक यहां की समृद्ध लोक संस्कृति से भी रू-ब-रू होते हैं। गोविंद सिंह ने कहा कि शरदोत्सव के मुख्य आकर्षणों में स्थानीय एवं विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक झांकियां, विंटर क्विन स्पर्धा, वॉयस ऑफ  कार्निवल,  बेबी शो,  फैशन शो और सामूहिक नाटी रहेगी। उन्होंने बताया कि मॉल रोड पर आयोजित की जाने वाली सामूहिक नाटी में मनाली क्षेत्र के लगभग 120 महिला मंडलों की करीब 4000 महिलाएं भाग लेंगी। उत्सव के दौरान सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए 15 प्रदेशों के सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया गया है। वन मंत्री ने शरदोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, स्थानीय निकायों,  होटल एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन, अन्य संस्थाओं और समस्त क्षेत्रवासियों से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्सव के विभिन्न प्रबंधों के लिए उपसमितियों का गठन कर दिया गया है। इन उपसमितियों के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य अपने-अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App