पंजाब पर गुमराह करने का आरोप

By: Dec 7th, 2019 12:01 am

पंचकूला। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि एसवाईएल के मुद्दे पर पंजाब हमारी विनम्रता को अन्यथा में न लें। जब सर्वोच्च न्यायालय ने हरियाणा के हक में निर्णय दे दिया है, तो इसके क्रियान्वयन में पंजाब कोई न कोई नया बहाना बनाकर गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। मुख्यमंत्री एसवाईएल मुद्दे पर अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल सचिव के साथ पंजाब व हरियाणा के मुख्य सचिवों की बैठक है। इसके अलावा, इस बात की भी जानकारी दी गई की एसवाईएल मुद्दे पर सर्वोच्च न्यायालय शायद तीन जनवरी, 2020 को अपना अंतिम फैसला देगा। मुख्यमंत्री को अधिकारियों को इस बात के भी निर्देश दिए कि पंजाब सहित अन्य पड़ौसी राज्य जैसे कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान व दिल्ली के साथ जितने भी छोटे-बड़े मुद्दे हैं, उनकी तुरंत एक सूची तैयार करें। 14 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ उनकी एक बैठक तय है। उन्होंने कहा कि पराली व प्रदूषण के मुद्दे पर भी पंजाब हरियाणा को निशाना बनाकर देश को गुमराह कर रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App