पराशर ने भी ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर

By: Dec 14th, 2019 12:28 am

ठंड में छोटी काशी; तीन दर्जन से अधिक सड़कें बंद, 50 गांवों की बिजली गुल

मंडी –छोटी काशी मंडी पूरी तरह से शीत लहर की चपेट में आ गई है। मंडी जिला में रात का पारा माइनस डिग्री के नीचे चला गया है। छोटी काशी में दिन का भी अधिकत्तम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। वहीं दो दिनों से हो रही बारिश व बर्फबारी के बाद जिला की ऊंची वादियों ने सफेद चादर ओढ़ ली है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पराशर झील में भी शुक्रवार को सीजन का पहला हिमपात दर्ज किया। पराशर झील और आसपास का क्षेत्र भी बर्फ से ढक गया है। यहां शुक्रवार को छह इंच से अधिक बर्फबारी हो चुकी है, जिससे पराशर का अब मंडी मुख्यालय से सड़क संपर्क भी कट गया है। पराशर के साथ ही जिला की शिकारी देवी, कमरूनाग, शैटाधार, स्पेहणीधार, गाड़ागुशेधी, थाची, भाटकीधारी, छत्तरी, मगरूगला और अन्य ऊंचे क्षेत्रों में काफी हिमपात हुआ है। शिकारी देवी में तो दो फुट तक बर्फ गिर चुकी है। वहीं बर्फबारी के बाद मंडी की 150 से अधिक पंचायतें प्रभावित हुई हैं। इन पंचायतों का सड़क संपर्क अन्य क्षेत्रों से कट गया है। बर्फबारी से सबसे अधिक सराज घाटी प्रभावित हुई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार जिला भर में एक दर्जन मुख्य सड़कें बर्फबारी से बंद हुई हैं, जबकि इसके अलावा भी जिला भर में दो दर्जन से अधिक अन्य संपर्क मांग भी बंद पड़ गए हैं। वहीं बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत विभाग के 38 टांसफार्मर बंद हो गए हैं। इनमें से 28 टांसफार्मर बालीचौकी क्षेत्र के तहत ही हैं। जिससे सराज घाटी समेत लगभग 50 से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। हालांकि विद्युत बोर्ड ने गुरुवार को बंद पडे़ 44 विद्युत ट्रांसफार्मर को बहाल कर दिया है। गुरुवार को बारिश व बर्फबारी के बाद शुक्रवार को भी दिन भर मंडी के मैदारी क्षेत्रों में रुक-रुक बारिश होती रही, जबकि ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई। उपायुक्त मंडी ऋग्देव ठाकुर ने बताया कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है। बंद पड़ी सड़कों को बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से ऊंचाई वाले व बर्फ प्रभावित क्षेत्रों में न जाने का आग्रह किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App