पुलिस रेजिंग डे…झमाकड़े पर झूमे पुलिस कर्मी

By: Dec 3rd, 2019 12:30 am

 रिज पर महिला कांस्टेबलों ने दी बेहतरीन प्रस्तृति, स्किट-प्ले ने किया मंत्रमुग्ध

शिमला-सोमवार को प्रदेश पुलिस ने रेजिंग-डे मनाया। रिज पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस के जवानों ने शानदार परेड की। इस दौरान रिज पर पुलिस बैंड की धुन गूंजी। पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया। इस दौरान पुलिस के जवानों ने परेड की और सांस्कृतिक झलकियां भी बिखरीं। महिला पुलिस कर्मियों द्वारा झमाकडा की प्रस्तुति ने यहां उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए पुलिस जवानों ने प्ले और स्किट की भी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रेजिंग डे की बधाई दी। उन्होंने पुलिस जवानों को बेहतर कार्य करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बधाई दी। जवानों के मनोबल बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार हर संभव कदम उठा रही है।  मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर महिला पुलिस बल की टुकड़ी को मार्चपास्ट में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए पुरस्कृत किया तथा अन्य प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया। पुलिस महानिदेशक एसआर मरड़ी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा अन्य उपस्थित गणमान्यों का स्वागत किया तथा पुलिस विभाग द्वारा प्रदेश में आयोजित की गई प्रमुख गतिविधियांे व कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर पुलिस जवानों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नशे के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त की। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, महापौर कुसुम सदरेट, हिमफेड के अध्यक्ष गणेश दत्त, मुख्य सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू, हिमाचल प्रदेश पुलिस के पूर्व महानिदेशक आईबी नेगी और आरआर वर्मा, नागालैंड के पूर्व राज्यपाल एवं प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक अश्वनी कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

परेड के इंतजार में एक घंटा खड़े रहे पुलिस कर्मी

हैरानी इस बात की है कि परेड में भाग लेने वाले जवानों को एक घंटे से अधिक समय तक खड़े रहना पड़ा। कारण यह था कि  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के पहुंचने से एक घंटा पहले ही जवानों को रिज पर मुस्तैद किया गया। मुख्यमंत्री 10 बज कर पांच मिनट पर पहुंचे, जबकि परेड में भाग लेने वाले पुलिस के जवान नौ बजकर 10 मिनट पर खड़े हुए। एक घंटे बाद रिज पर शानदार कार्यक्रम का आगाज हुआ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App