पूर्वोत्तर से मुंबई जल रहा देश

By: Dec 15th, 2019 12:08 am

नहीं थम रहा नागरिकता संशोधन कानून के विरोध, राज्यों में बिगड़े हालात

गुवाहाटी,मुंबई,कोलकाता-नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) 2019 के विरोध में पूर्वोत्तर भारत से भड़की हिंसा की आंच से अब पूरा देश झुलसने लगा है। नॉर्थ ईस्ट और पश्चिम बंगाल में प्रदर्शनकारियों ने जमकर हिंसा की है और वहां अभी भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। असम, मेघालय, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन के बाद अब मुंबई में भी इस कानून का विरोध हो रहा है। राजधानी दिल्ली का जामिया मिलिया विश्वविद्यालय शुक्रवार को तो जैसे जंग का मैदान बन गया था। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ पिछले कुछ दिनों से जारी प्रदर्शनों के मद्देनजर गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ में लगाए गए कर्फ्यू में कुछ घंटों की ढील दी गई है। एहतियात के तौर पर राज्य में सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोकने और शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 16 दिसंबर तक इंटरनेट सेवाएं बंद रखने का ऐलान किया गया है। हालांकि, इससे पहले असम के डीजीपी बीजे महंत ने कहा था कि असम में हालात अब बेहतर हैं। दिसपुर, उजान बाजार, चांदमारी, सिलपुखुरी और जू रोड सहित कई स्थानों पर दुकानों के बाहर लंबी कतारें नजर आईं। ऑटो-रिक्शा और साइकिल-रिक्शा सड़कों पर नजर आए, लेकिन बसें अब भी नदारद रहीं। हालांकि, स्कूल और कार्यालय अब भी बंद हैं। विधेयक के संसद में  पारित होने के बाद से ही इसके खिलाफ यहां विरोध प्रदर्शन जारी है, जिसके मद्देनजर अधिकारियों ने कर्फ्यू लगा दिया था। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जारी प्रदर्शन के मद्देनजर मेघालय के शिलांग में लगाए गए कर्फ्यू में स्थिति बेहतर होने के बाद शनिवार को सुबह  दस बजे से शाम 7 बजे तक ढील दी गई।

नागालैंड बंद

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे नगा छात्र संघ द्वारा आहूत छह घंटे के बंद के बीच नागालैंड के कई हिस्सों में शनिवार को स्कूल, कालेज और बाजार बंद रहे और सड़कों से वाहन नदारद रहे। अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन इलाकों से अबतक कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई है, जहां सुबह 6 बजे से बंद शुरू हुआ।

महाराष्ट्र, यूपी संग केरल में भी प्रदर्शन

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ मुंबई में भी जोरदार प्रदर्शन हुआ है। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मुंबई के आजाद मैदान में इकट्ठा हुए। प्रदर्शनकारियों में असम और नार्थ ईस्ट के काफी लोग शामिल थे। उन्होंने इस कानून को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान अभिनेत्री दीपन्निता शर्मा भी मौजूद थीं। मुंबई के अलावा पश्चिम उत्तर प्रदेश, केरल और बंगाल तक में सड़कों पर उतरकर लोगों ने इस नए कानून का विरोध किया।

जामिया में पांच तक छुट्टी, परीक्षा रद्द

नई दिल्ली । नागरिकता (संशोधन) कानून, 2019 के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन और विश्वविद्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने पांच जनवरी तक छुट्टी की घोषणा कर दी और सभी परीक्षाओं को रद्द कर दिया। विश्वविद्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। आने वाले समय में नई तारीखों की घोषणा की जाएंगी। 16 दिसंबर से पांच जनवरी तक छुट्टी घोषित की गई है। विश्वविद्यालय छह जनवरी, 2020 से खुलेगा। कानून के विरोध में छात्रों ने शुक्रवार को संसद की तरफ मार्च करने का प्रयास किया जिसके बाद पुलिस और छात्रों में संघर्ष हो गया। इससे विश्वविद्यालय एक तरह से युद्ध क्षेत्र में तबदील हो गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App