बठरा के युवक का दुबई में मर्डर

By: Dec 10th, 2019 12:03 am

अज्ञात लोगों ने की थी पिटाई, अस्पताल में उखड़ी सांसें

गरली, जसवां कोटला – गरली के 23 वर्षीय युवक मनोज कुमार की हाल ही में दुबई के शारजाह में हत्या कर दी गई। मनोज कुमार का शव रविवार देर रात गरली के गांव बठरा में पहुंचा। वहीं, सोमवार को उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर पूर्व कामगार कर्मचारी कल्याण बोर्ड के वाइस चेयरमैन सुरिंद्र सिंह मनकोटिया सहित अन्य कई दिग्गजों ने पीडि़त परिवार से गहरी संवेदनाएं प्रकट की। युवक के अंतिम संस्कार पर सैकड़ों लोग मौजूद रहे। बता दें कि करीब आठ महीने पहले शारजाह गए मनोज कुमार को पिछले महीने अज्ञात लोगों ने बेरहमी से पीटा था। इस दौरान उसकी पसलियां व रीढ़ की हड्डी टूट गई थी। उसके बाद उसे वहीं एक अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां 10 नवंबर को उसकी मौत हो गई। इसके बाद युवक के पिता अपने एक साथी के साथ दुबई गए, लेकिन उन्हें शव नहीं दिया गया। परिवार ने मनोज का शव भारत लाने के लिए काफी कोशिशें कीं, लेकिन वे नाकाम रहे। इसके बाद उन्होंने सरबत का भला ट्रस्ट के चेयरमैन एसपी सिंह ओबरॉय से मदद मांगी। उन्होंने सभी औपचारिकताएं पूरी करवाईं और रविवार को अमृतसर के श्री गुरु रामदास एयरपोर्ट पर मनोज कुमार शव पहुंचाया गया। इसके बाद रविवार रात  शव गांव बठरा पहुंचा और सोमवार सुबह उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर सहित शिवसेना हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष निशांत शर्मा ने युवा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App