बलदेव शर्मा तीसरी बार भाजपा के सरदार

By: Dec 4th, 2019 12:25 am

अध्यक्ष बनते ही बोले; संगठन की मजबूती रहेगी लक्ष्य, पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल बनाए सुजानपुर के प्रदेश परिषद सदस्य

हमीरपुर-पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के गृहजिला में भाजपा को नया जिला अध्यक्ष मिल गया है। बड़सर से भाजपा के पूर्व विधायक रहे बलदेव शर्मा को तीसरी बार जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके नाम की घोषणा चुनाव प्रभारी अजय राणा ने की। जिला अध्यक्ष के नाम की घोषणा होने के बाद बलदेव शर्मा समर्थकों ने ढोल नगाड़ों के बीच जमकर नारेबाजी की तथा लड्डू बांटे। वहीं, नवर्निवाचित अध्यक्ष ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्य किया जाएगा। संगठन को आगामी समय में और अधिक प्रभावशाली तथा मजबूत बनाया जाएगा। जिला अध्यक्ष पद पर ताजपोशी के लिए बलदेव शर्मा ने भाजपा संगठन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इसे पहले भी वे दो बार जिला अध्यक्ष रहे हैं। एक बार फिर संगठन ने उन पर विश्वास जताया है, जिस पर वह पूरी तरह खरा उतरेंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष के पद के नाम की घोषणा हमीरपुर के परिधि गृह में की गई। अब तक जिला अध्यक्ष का पदभार संभाल रहे अनिल ठाकुर ने पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष का होता है, लेकिन उनका कार्यकाल चार वर्ष का रहा है। लोकसभा चुनाव के चलते एक साल अतिरिक्त जिला अध्यक्ष का कार्यभार संभालने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में संगठन का पूरा सहयोग मिला। हालांकि उन्होंने माना कि विधानसभा चुनावों में भाजपा को हमीरपुर की पांच सीटों में से सिर्फ दो से ही संतोष करना पड़ा। इसके लिए उन्होंने कहीं न कहीं टिकट आबंटन प्रक्रिया को जिम्मेदार ठहराया। इस अवसर पर भाजपा चुनाव प्रभावी अजय राणा सहित स्थानीय विधायक नरेंद्र ठाकुर, भोरंज विधायक कमलेश कुमार, नादौन से एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, प्रदेश भाजपा सचिव विजय पाल सोहारू, मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा चुनाव प्रभावी ने प्रदेश परिषद सदस्यों के नामों की भी घोषणा की। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल को प्रदेश परिषद सुजानपुर का सदस्य नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही हमीरपुर विधायक नरेंद्र ठाकुर को प्रदेश परिषद हमीरपुर, कमलेश कुमारी को प्रदेश परिषद भोरंज, विजय अग्निहोत्री को प्रदेश परिषद नादौन व प्रकाश ठाकुर को बड़सर प्रदेश परिषद का सदस्य नियुक्त किया गया। वहीं, चुनाव प्रभारी अजय राणा ने कहा कि पूर्व विधायक बदलेव को नया जिला अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने कहा कि सर्वसम्मति से चुनाव हुआ। इसके अलावा प्रदेश परिषद के लिए पांच लोगों को हमीरपुर जिला से नामित किया गया है। प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार भी जल्द कर दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App