बागबानों के लिए हिमफेड खोलेगा छह कोल्ड चेन

By: Dec 3rd, 2019 12:01 am

शिमला – राज्य सरकार का उपक्रम हिमफेड प्रदेश के छह स्थानों पर कोल्ड चेन खोलेगा। बागबानों के लिए इससे बड़ी राहत मिलेगी, जिसकी तैयारियां हो चुकी हैं। इसके साथ ऑर्गेनिक खाद भी बाजार में आएगी, ताकि लोग रसायनों से मुक्त खेती कर सकें। हिमफेड प्रदेश में छह स्थानों पर कोल्ड चेन खोलने जा रहा है। इसमें जोन वाइस किन्नौर-शिमला, कुल्लू-मनाली-मंडी और कांगड़ा-हमीरपुर-ऊना के अलावा अन्य जिलों में भी स्थान उपलब्ध होने पर ये कोल्ड चेन खोली जाएंगी। इसके लिए केंद्रीय स्तर पर भी बातचीत चल रही है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर पेट्रोल पंप भी खोले जाएंगे। अभी हिमफेड छह स्थानों पर पेट्रोल पंप चला रहा है और अब दो-तीन स्थानों पर नए पेट्रोल पंप खोले जाएंगे। यह बात हिमफेड के चेयरमैन गणेश दत्त ने सोमवार को वेद माता गायत्री मंत्र जन कल्याण समिति चिड़गांव और विश्व युवक केंद्र दिल्ली के सौजन्य से यहां कालीबाड़ी हाल में तीन दिवसीय कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर कही। कार्यशाला में प्रदेश भर से आई लगभग 50 एनजीओ भाग ले रही हैं। यह कार्यशाला प्रदेश में किसानों-बागबानों के लिए काम कर रही एनजीओ के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें किसान-बागबानों के क्षेत्र से विशेषज्ञ इसमें विभिन्न तरह की जानकारियां उपलब्ध करवाएंगे। कार्यशाला के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ बतौर मुख्यातिथि हिमफेड के निदेशक गणेश दत्त ने किया। उन्होंने कहा कि वन टाइम प्लास्टिक यूज, जल संरक्षण और नशा निवारण पर काम करने की जरूरत है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App