भारतीय सेना में अफसर हिमाचली जांबाज

By: Dec 9th, 2019 12:06 am

देश सेवा करेंगे अभिमन्यु सिंह

पालमपुर –सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के विद्यार्थी रहे कंवर अभिमन्यु सिंह ने  भारतीय सेना में बतौर लेफ्टिनेंट नियुक्ति पाई है। अभिमन्यु के पिता कंवर पवनजीत सिंह वर्तमान में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में जिला एवं सत्र न्यायाधीश हैं। अभिमन्यु ने इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, अध्यापकों और बड़े बजुर्गों को दिया है, जिन्होंने उनका मार्गदर्शन किया व इस मुकाम तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

लेफ्टिनेंट बने मटियारा के शुभम

 बलद्वाड़ा, पटड़ीघाट –उपमंडल सरकाघाट की तहसील बलद्वाड़ा के गांव मटियारा के शुभम ठाकुर ने राष्ट्रीय मिलिट्री अकादमी देहरादून में हुई भव्य पॉसिंग आउट परेड में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त किया। उसके पिता राजकुमार ने बताया कि शुभम बचपन से ही देश भावना से ओत-प्रोत रहा है। वह हमेशा से ही भारतीय सेना में जाने की बातें करता था। शुभम के पिता राजकुमार ठाकुर शिक्षा विभाग में प्रवक्ता हैं और माता ब्रह्मी देवी अध्यापिका हैं। शुभम के दादा ख्जाना राम, दादी कौशल्या देवी व मामा बलजीत ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सरकाघाट के पूर्व सैनिकों कर्नल अमर सिंह, कैप्टन जगदीश वर्मा, कैप्टन प्रकाश  सिंह व कर्नल बालाराम ने शुभम ठाकुर को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

धर्मशाला के जोरावर पर हिमाचल को नाज़

धर्मशाला –कोतवाली बाजार धर्मशाला के निवासी लेफ्टिनेंट जोरावर सिंह को हाल ही में गया ओटीए में कमीशन मिला। लेफ्टिनेंट जोरावर सिंह ने वर्ष 2000 में डीएएच नर्सरी स्कूल योल कैंट से अपनी पढ़ाई शुरू की और उसके बाद एपीएस लखनऊ, योल कैंट और धौला कुआन में अपनी पढ़ाई की। जोरावर की सफलता पर प्रदेश को गर्व है।

अजय को दादा से मिली प्रेरणा

धर्मपुर –मंडी जनपद के तहत धर्मपुर के बहरी पंचायत के गांव टपोहल के अजय ठाकुर सैन्य प्रशिक्षण पूरा करके भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त हुए। उन्होंने इंडियन मिलिट्री अकादमी देहरादून से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद महार रेजिमेंट में राजस्थान के जयपुर में नियुक्ति मिली। अजय के दादा और चाचा ने भी भारतीय सेना में रहकर देश सेवा की। इन्हीं की प्रेरणा से अजय ने भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देखा था, जो अब पूरा हो गया। इनकी प्रारंभिक शिक्षा शिवालिक पब्लिक स्कूल चंडीगढ़ और जमा दो की शिक्षा मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल 16 चंडीगढ़ में हुई। अजय ठाकुर ने 30 नवंबर, 2018 में नेशनल डिफेंस अकादमी खड़क वासला पुणे में प्रशिक्षण लिया और तीन साल की ट्रेनिंग के बाद नियुक्ति मिली। अजय की इस उपलब्धि पर आईपीएच मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह, प्रदेश भाजयुमो महामंत्री रजत ठाकुर, कांग्रेस नेता चंद्रशेखर सहित अनेक क्षेत्रवासियों ने अजय की सफलता पर बधाई दी। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App