मंडी को मिल सकता है नगर निगम का तोहफा

By: Dec 7th, 2019 12:20 am

कई संगठनों के साथ भाजपा व नगर परिषद ने उठाई जोरदार मांग; रणवीर ठाकुर बोले, मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भाजपा रखेगी जोरदार पक्ष

मंडी – नगर परिषद मंडी को नगर निगम का तोहफा मिल सकता है। कई वर्षों से मंडी को नगर निगम बनाने की लटकती आ रही मांग के अब पूरा होने के आसार बने हैं। मंडी से ही मुख्यमंत्री होने के कारण यह मांग अब और भी प्रबल हो चुकी है और ऐसी संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही मंडी को नगर निगम देने की घोषणा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कर सकते हैं। रविवार को मुख्यमंत्री मंडी के दौरे पर भी आ रहे हैं और ऐसे में इस मांग को लेकर उस दिन जिला भाजपा अध्यक्ष रणवीर ठाकुर और नगर परिषद अध्यक्ष सुमन ठाकुर सहित कई संगठन मुख्यमंत्री से मिलने की तैयारी में हैं। मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा भी इस बारे में कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंप चुके हैं। उम्मीद है कि उस दिन भी मुख्यमंत्री इस मांग पर गौर कर सकते हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी मंडी जिला ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को एक पत्र भेज कर आग्रह किया है कि मंडी नगर परिषद को नगर निगम का दर्जा दिया जाए। भाजपा के जिला मंडी अध्यक्ष रणबीर सिंह ने कहा कि मंडी शहर प्रदेश के मध्य में स्थित है और अपनी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, धार्मिक महानता के लिए प्रख्यात है, जहां इस शहर में मंदिरों की बहुतयात है, वहीं यहां पर हर समुदाय के लोग रहते हैं व सामाजिक समरसता बनी हुई है। इस ऐतिहासिक शहर की पृष्ठभूमि को देखते हुए मंडी शहर को नगर निगम का दर्जा दिया जाना बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह बहुत पुरानी मांग मंडी की चली आ रही है। इसे लेकर मंडी नगर परिषद द्वारा एक प्रस्ताव भी पारित करके प्रदेश सरकार को भेजा जा चुका है। मगर, राजनीतिक कारणों के चलते अभी तक इस पर कोई निर्णय नहीं हो पाया है, जो जनमत का अपमान है। उन्होंने कहा कि मंडी नगर परिषद से सटे क्षेत्रों जो कि पहले ही प्लानिंग एरिया में रखे हुए हैं, को साथ मिलाकर नगर निगम बनाया जाए, ताकि लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App