मंडी को साढ़े 25 करोड़ का पुल

By: Dec 9th, 2019 12:20 am

सीएम जयराम ठाकुर ने किया उद्घाटन, अफसरों-जनता संग पैदल पार किया ब्रिज

मंडी – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को मंडी शहर की जनता को 25.50 करोड़ की लागत से ब्यास पर बनाए गए नए पुल की सौगात दी। विक्टोरिया पुल के पास ब्यास पर बनाए गए नए पुल का मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बैंड बाजों की थाप के बीच उद्घाटन किया। पुल की उद्घाटन पट्टिका का अनावरण करने के बाद मुख्यमंत्री ने रिबन काटकर पुल का उद्घाटन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री अपने सहयोगियों व जनता के साथ पैदल तेज-तेज चलते हुए पुल के दूसरे छोर तक भी गए। इसके बाद मुख्यमंत्री अपने वाहन में भी सवार होकर पुल से गुजरे और लोगों का अभिनंदन स्वीकार किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वह इस पुल के लिए मंडी वासियों को बधाई देते हैं। इस पुल के बनने से और बेहतर सुविधा लोगों को मलेगी। उन्होंने कहा कि  25.50 करोड़ रुपए की लागत से 156.40 मीटर लंबे पुल को बनाया गया है और लगभग निर्धारित समय में ही पुल बनकर तैयार हुआ है। वहीं इससे पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 1.58 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित उपनिदेशक उच्च शिक्षा के अतिरिक्त भवन का भी लोकार्पण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिला पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध आरंभ किए गए हस्ताक्षर अभियान में भी भाग लिया। इस अवसर पर सांसद राम स्वरूप शर्मा, विधायक अनिल शर्मा, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, राकेश जम्वाल, जवाहर ठाकुर, हीरा लाल, जिला भाजपा अध्यक्ष रणवीर ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष सुमन ठाकुर, महासचिव बाल कल्याण परिषद पायल वैद्य और अन्य लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने इसके बाद सार्किट हाउस में लोगों की समस्याएं भी सुनीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App