मकान की रेलिंग गिरी, महिला की मौत

By: Dec 7th, 2019 12:30 am

सिरमौर के कमरऊ में शादी समारोह में हादसा, तीन जख्मी

पांवटा साहिब-जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के गांव कमरऊ में शुक्रवार को शादी समारोह के दौरान एक मकान की छत का छज्जा गिर गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को पांवटा सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। पुरूवाला पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक हादसा उस वक्त हुआ जब गांव से एक बारात जा रही थी। इस दौरान एक पुराने मकान की छत पर बारात देखने के लिए काफी लोग बैठे थे। इस दौरान अचानक मकान की छत गिर गई। इस दौरान शादी में अफरा-तफरी मच गई, जिसमें 65 वर्षीय सत्या देवी पत्नी केदार सिंह निवासी शिकांडो तहसील कमरऊ सहित एक महिला और दो बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को पांवटा सिविल अस्पताल लाया गया, जहां पर डाक्टर ने घायल महिला सत्या देवी पत्नी केदार सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायलों में दो वर्षीय काव्या शर्मा पुत्री मामराज शर्मा, नारायणी देवी (55) पत्नी गुमान सिंह और काव्यांश तीन वर्ष पुत्र सुरजीत सिंह शामिल हैं। उनका पांवटा साहिब सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने मामले की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App