‘मस्त बना देणगे वीवा’ से मस्त बना दी महफिल

By: Dec 7th, 2019 12:20 am

हमीर उत्सव की स्टार नाइट में चला सूफी सिंगर कंवर पाल सिंह ग्रेवाल का जादू

हमीरपुर – राज्य स्तरीय हमीर उत्सव की पहली स्टार नाइट भठिंडा (पंजाब) के सूफी सिंगर कंवर पाल सिंह ग्रेवाल के नाम रही। उन्होंने अपने मशहूर सांग ‘मस्त बना देणगे वीवा’ पर महफिल लूट ली। स्टेज संभालते ही उन्होंने एक के बाद एक गानों से पूरे पंडाल को अपनी सुरीली आवाज के जादू से मंत्रमुग्ध कर दिया। बाल स्कूल मैदान में आयोजित हमीर उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या पर कंवर पाल सिंह ग्रेवाल को बुलाया गया था। रात करीब आठ बजे स्टेज पर पहुंचते ही सिंगर का उनके फैंस ने जोरदार स्वागत किया। इसके लिए सूफी गायक ने भी अपने चाहवानों का आभार व्यक्त किया तथा उनकी इच्छानुसार गानों की लड़ी पिरो दी। कंवर पाल सिंह ग्रेवाल ने ‘मैं लजपालां दे लड़ लगियां’ पर भी समा बांध दिया। इसके साथ ही रमझां या दियां, इश्क, छल्ला, सुन सजणा, मस्ताना जोगी, तुंबा बजदा, वाज व दौलत आदि गानों की प्रस्तुति दी। बता दें कि सूफी सिंगर कंवर पाल सिंह ग्रेवाल गांव मेहमा स्वाई भठिंडा पंजाब के निवासी हैं। उनका जन्म 1984 को हुआ। उनकी पढ़ाई पंजाब यूनिवर्सिटी से हुई। वर्ष 2012 में उन्होंने बतौर सिंगर अपने करियर की शुरुआत की। वर्ष 2012 में उनका गाना ‘अखां’ रिलीज हुआ। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा तथा एक के बाद एक बेहतर सांग पेश कर सूफी गायक के रूप में मशहूर हो गए। यही कारण है कि इस बार उन्हें राज्य स्तरीय हमीरपुर उत्सव में पहली स्टार नाइट पर बुलाया गया है। इसके लिए सूफी सिंगर ने हमीरपुर जिला प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया। पहली सांस्कृतिक संध्या में जब तक सूफी सिंगर ने स्टेज संभाला दर्शक अपनी सीट से उठ नहीं पाए। एक के बाद एक दी गई बेहतर प्रस्तुतियों के कारण पूरा पांडाल ताडि़यों की गड़गड़ाहट से गूंज रहा था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App