महिलाओं पर अत्याचार…मंडी आगबबूला

By: Dec 11th, 2019 12:22 am

दिनोंदिन बढ़ रही बलात्कार-शोषण की घटनाअाें के विरोध में प्रदर्शन, कड़े कानून बनाने की मांग

मंडी-विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति की जिला इकाई द्वारा सेरी मंच मंडी में रैली का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं के साथ बढ़ रहे अत्याचार, बलात्कार और शोषण की घटनाओं के विरोध में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। महिलाओं ने रैली निकालते हुए स्वतंत्रता से जीने के अधिकारों की भी मांग उठाई। इस मौके पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के जिला अध्यक्ष ललित शर्मा ने देश में हो रही बलात्कार की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसी तरह का वातावरण देश में रहा तो आने वाले समय में कोई भी बेटी सुरक्षित नहीं है। सरकार को बलात्कार जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त से सख्त कानून बनाने चाहिएं और जल्द से जल्द न्याय होना चाहिए। मंडी साक्षरता समिति की सचिव वीना वैद्य ने कहा कि आज महिलाओं के साथ अत्याचार इतना बढ़ गया है कि सरकाघाट में महिला को डायन बताकर मंदिर के गूर व परिजनों द्वारा महिला का मुंह काला कर जूतों की माला पहना कर गांव में घुमाने की घटना सामने आई है और यह समाचार राष्ट्रीय समाचार तक बन गया। वहीं जिला सचिव सुनीता बिष्ट ने कहा कि निर्भया कांड के बाद पूरे देश की जनता सड़कों पर उतर आई थी। तब लगा कि महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों, बलात्कारों के लिए कड़े कानून बनंेगे व दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिल पाएगी। उसके पश्चात जम्मू कश्मीर के कठुआ में आठ साल की बच्ची के साथ बलात्कार, उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बलात्कार, बिहार में अनाथ आश्रमों में लड़कियों के साथ यौन शोषण, हाल ही में हैदराबाद में डा. प्रियंका रेड्डी (दिशा कांड) का गैंग रेप व उस पर पेट्रोल डालकर जलाकर हत्या करने के अनेक मामले सामने आ रहे हैं। अभी हैदराबाद का मामला शांत भी नहीं हुआ तो उन्नाव की एक रेप पीडि़ता महिला जब न्याय के लिए रायबरेली कोर्ट में पेशी पर जा रही थी तो उसे भी जलाकर मार डाला। हिमाचल प्रदेश भी इस प्रकार की घटनाओं से अछूता नहीं है। गुडि़या प्रकरण हिमाचल प्रदेश का सबसे चर्चित व खौफ नाक घटना का हिस्सा रहा है लेकिन आज भी उसके कातिल खुलेआम घूम रहे हैं। उसके पश्चात न जाने कितने अपराध सामने आए हैं। इसके अलावा अन्य महिलाओं खेम दासी, बबीता देवी, जुध्या देवी, रीना ने भी अपने विचार रखे। सभी ने महिलाओं के साथ हो रहे बलात्कार की घटनाओं पर रोष प्रकट किया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App